Bhiwadi Development: भिवाड़ी को मिलेगी स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाएं, 50 करोड़ की योजनाओं से बदलेगी शहर की तस्वीर
Bhiwadi Development: भिवाड़ी में करीब ₹50 करोड़ की विकास योजनाओं की डीपीआर तैयार है। स्मार्ट रोड, पार्किंग, EV चार्जिंग, ग्रीन लैंडस्केपिंग और कमांड सेंटर से शहर की तस्वीर बदलेगी।
Bhiwadi Development: अलवर-भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र को क्लीन एंड ग्रीन इको सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। औद्योगिक क्षेत्र में करीब 5 हजार से अधिक कंपनियां संचालित हैं और बड़ी आबादी यहां निवास करती है। ऐसे में शहर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की डीपीआर तैयार की जा चुकी है।
अंतिम प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद इन परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे और निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। प्रस्तावित विकास कार्यों से भिवाड़ी में सड़क, यातायात, पार्किंग, हरित क्षेत्र और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
स्मार्ट रोड से लेकर बेहतर पार्किंग तक की योजना
प्रस्तावित परियोजना के तहत भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र में स्मार्ट रोड विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा देना है। सड़कों के साथ पैदल चलने वाले लोगों के लिए फुटपाथ भी विकसित किए जाएंगे।
इसके अलावा आधुनिक पार्किंग व्यवस्था, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन, ग्रीन लैंडस्केपिंग और बेहतर स्ट्रीट लाइटिंग जैसी सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है।
शहर में लंबे समय से समस्या बने बिजली के झूलते तारों को व्यवस्थित करने के लिए भूमिगत यूटिलिटी डक्ट बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके साथ ही स्ट्रीट वेंडर्स के लिए निर्धारित जोन विकसित किए जाएंगे, ताकि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से कारोबार किया जा सके।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर होगा स्थापित
भिवाड़ी नगर परिषद क्षेत्र में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित करने की योजना है। इसके जरिए शहर के चिन्हित इलाकों में वाई-फाई सुविधा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और वायु प्रदूषण की लाइव मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
इस व्यवस्था से प्रशासन को शहर की गतिविधियों पर बेहतर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
जलभराव से निपटने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग
भिवाड़ी में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी एक बड़ी चुनौती रहती है। प्रस्तावित विकास योजना में इससे निपटने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने पर भी जोर दिया गया है।
इसके जरिए बारिश के पानी को संरक्षित करने के साथ जल प्रबंधन को बेहतर बनाने की कोशिश की जाएगी। बताया गया है कि प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए फील्ड सर्वे और लागत निर्धारण का काम पूरा हो चुका है।
गुरुग्राम की काउंटर मैग्नेट सिटी बनने की क्षमता
दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल भिवाड़ी में हजारों कंपनियां और बड़ी संख्या में श्रमिक काम करते हैं। हालांकि, बुनियादी सुविधाओं के मामले में शहर को अभी भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि यदि प्रस्तावित विकास योजनाओं को समय पर पूरा किया जाता है, तो भिवाड़ी को गुरुग्राम की काउंटर मैग्नेट सिटी के रूप में विकसित करने की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं। इससे क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
10 शहरों को क्लीन एंड ग्रीन इको सिटी बनाने की योजना
राज्य सरकार ने पिछले वित्तीय वर्ष के बजट में केंद्र की स्मार्ट सिटी योजना की तर्ज पर राजस्थान के 10 शहरों को क्लीन एंड ग्रीन इको सिटी के रूप में विकसित करने के लिए करीब 900 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। इन शहरों का विकास तीन वर्षों की अवधि में किए जाने की योजना है।
इसी व्यापक योजना के तहत भिवाड़ी में प्रस्तावित विकास कार्यों को शहर की औद्योगिक जरूरतों और बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। अंतिम मंजूरी और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमीनी स्तर पर काम शुरू होने का रास्ता साफ होगा।

