42 डिग्री की तपिश भी नहीं रोक पाई आस्था, खाटूश्याम धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब

भीषण गर्मी के बावजूद Khatu Shyam Ji Temple में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। 42 डिग्री तापमान के बीच रींगस से खाटू धाम तक भक्त पदयात्रा करते नजर आए। मंदिर कमेटी ने कूलर, पानी और अन्य राहत व्यवस्थाएं कीं।

42 डिग्री की तपिश भी नहीं रोक पाई आस्था, खाटूश्याम धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब

राजस्थान के सीकर जिले में भीषण गर्मी के बावजूद बाबा श्याम के भक्तों की आस्था चरम पर दिखाई दे रही है। तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचने के बावजूद वीकेंड पर खाटूश्यामजी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रींगस से खाटू धाम तक करीब 17 किलोमीटर लंबे पदयात्रा मार्ग पर श्रद्धालु “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों के साथ लगातार आगे बढ़ते नजर आए।

हाथों में निशान लिए हजारों श्रद्धालु नंगे पैर पदयात्रा करते हुए बाबा श्याम के दरबार तक पहुंच रहे हैं। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के बीच भी भक्तों का उत्साह कम नहीं दिखा। कई श्रद्धालु परिवार सहित यात्रा कर रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग भी इस पदयात्रा में शामिल हैं।

गर्मी से राहत के लिए किए गए खास इंतजाम

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और तेज गर्मी को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। दर्शन कतारों और प्रमुख स्थानों पर कूलर, पंखे और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है, ताकि भक्तों को राहत मिल सके। मंदिर परिसर और पदयात्रा मार्ग पर स्वयंसेवक भी लगातार सेवा में जुटे हुए हैं।

भक्त धैर्य और अनुशासन के साथ कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मंदिर कमेटी का कहना है कि दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं से की अपील

मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि प्रशासन और कमेटी मिलकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भक्तों से गर्मी को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील भी की।

कमेटी ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे पूरे कपड़े पहनकर यात्रा करें, पर्याप्त पानी साथ रखें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही दोपहर की तेज धूप में पदयात्रा करने से बचने और सुबह या शाम के समय यात्रा करने की सलाह दी गई