LPG कनेक्शन ट्रांसफर के नियम बदले: घर या शहर बदलने से पहले जान लें नया प्रोसेस, वरना हो सकती है परेशानी
LPG Connection Transfer Rules 2026: घर या शहर बदलने पर एलपीजी कनेक्शन ट्रांसफर का नया नियम जानें। एक ही शहर और दूसरे शहर में शिफ्ट होने की पूरी प्रक्रिया, e-CTA, टर्मिनेशन वाउचर और आज के LPG सिलेंडर रेट।
अगर आप नया घर लेने या किसी दूसरे शहर में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे हैं, तो एलपीजी कनेक्शन से जुड़ा यह अपडेट आपके लिए बेहद जरूरी है। सरकार ने एलपीजी कनेक्शन ट्रांसफर की प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब यह इस बात पर निर्भर करेगा कि आपका नया पता उसी गैस एजेंसी के सर्विस एरिया में आता है या किसी दूसरी एजेंसी के क्षेत्र में। सही प्रक्रिया अपनाने पर कनेक्शन ट्रांसफर पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा।
एक ही शहर में घर बदलने पर क्या होगा?
अगर आपका नया घर उसी गैस एजेंसी के सर्विस एरिया में आता है, जहां से आपका मौजूदा एलपीजी कनेक्शन है, तो कनेक्शन ट्रांसफर कराने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे में केवल नया एड्रेस प्रूफ जमा कराकर अपना पता अपडेट कराना होगा।
वहीं, यदि नया पता किसी दूसरी गैस एजेंसी के सर्विस एरिया में है, तो पुरानी एजेंसी आपको e-CTA (Electronic Customer Transfer Advice) जारी करेगी। यह कोड तीन महीने तक वैध रहेगा। इस प्रक्रिया में उपभोक्ता को अपना सिलेंडर या रेगुलेटर जमा नहीं कराना होगा और वह इन्हें अपने नए पते पर साथ ले जा सकता है।
दूसरे शहर में शिफ्ट होने पर क्या करना होगा?
अगर आप किसी दूसरे शहर में जा रहे हैं, तो पहले अपनी मौजूदा गैस एजेंसी के पास सिलेंडर और रेगुलेटर जमा कराने होंगे। इसके बाद एजेंसी टर्मिनेशन वाउचर (TV) जारी करेगी और जमा की गई सिक्योरिटी राशि वापस कर देगी। नए शहर में इसी टर्मिनेशन वाउचर के आधार पर नई गैस एजेंसी से एलपीजी कनेक्शन लिया जा सकेगा।
शिफ्टिंग से पहले यह जरूर करें
घर या शहर बदलने से पहले यह पता कर लें कि आपका नया पता किस गैस एजेंसी के सर्विस एरिया में आता है। इससे आपको सही प्रक्रिया अपनाने में आसानी होगी और कनेक्शन ट्रांसफर के दौरान अनावश्यक देरी या परेशानी से बचा जा सकेगा।
आज क्या हैं LPG के ताजा रेट?
12 जुलाई 2026 को 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये, गाजियाबाद में 939.50 रुपये और कोलकाता में 968.50 रुपये बनी हुई है। वहीं, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 1 जुलाई से 183.50 रुपये की कटौती लागू है, जिसके बाद दिल्ली में इसका रेट 2,930 रुपये पर स्थिर है।

