नरेश मीणा की अचानक बिगड़ी तबीयत, सीने में दर्द के बाद ICU में भर्ती; समर्थकों ने जेल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
टोंक SDM थप्पड़कांड मामले में जेल में बंद नरेश मीणा की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द के बाद उन्हें सआदत अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया। ECG सामान्य आया है।
टोंक के SDM थप्पड़कांड मामले में जेल में बंद नरेश मीणा की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच टोंक के सआदत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया।
नरेश मीणा के समर्थक आरडी गुर्जर ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले 7-8 दिनों से सीने और पीठ में दर्द की शिकायत थी, लेकिन समय पर इलाज नहीं कराया गया। हालांकि, अस्पताल प्रशासन के मुताबिक उनकी ECG रिपोर्ट सामान्य आई है, जबकि ब्लड रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तय होगा कि उनका इलाज टोंक में जारी रहेगा या उन्हें जयपुर रेफर किया जाएगा।
नरेश मीणा की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही उनके समर्थक अस्पताल पहुंचने लगे। वहीं, इससे पहले भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई जा चुकी थी। 22 अगस्त को पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने जेल में नरेश मीणा से मुलाकात की थी, जिसके बाद उन्होंने उनकी तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही थी। इसके बाद 25 अगस्त को सुनीता बैंसला ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नरेश मीणा की स्वास्थ्य जांच और उचित इलाज की मांग की थी।

