अब WhatsApp पर मिलेंगी राजस्थान सरकार की 27 सेवाएं, बिजली-पानी बिल से EWS प्रमाणपत्र तक घर बैठे सुविधा
अब राजस्थान सरकार की 27 सरकारी सेवाएं WhatsApp पर उपलब्ध होंगी। बिजली-पानी बिल भुगतान, EWS प्रमाणपत्र समेत कई सुविधाएं घर बैठे आसानी से मिल सकेंगी।
राजस्थान में अब सरकारी सेवाओं का लाभ लेना और भी आसान हो गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 29वीं नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ई-गवर्नेंस के दौरान ई-मित्र WhatsApp सेवा की शुरुआत की। अब प्रदेश के नागरिक सिर्फ 94610-62705 नंबर पर "Hi" भेजकर 27 सरकारी सेवाओं का लाभ घर बैठे उठा सकेंगे।
इस नई सुविधा के जरिए बिजली और पानी के बिल का भुगतान, ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाणपत्र सहित कई सरकारी दस्तावेजों के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों और ई-मित्र केंद्रों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली से भेजे गए एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही लाभार्थी तक पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि "85 पैसे पर कौन पंजा मारता था, यह सब जानते हैं।" उन्होंने कहा कि 2014 के बाद डिजिटल व्यवस्था मजबूत होने से सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचने लगा और पारदर्शिता बढ़ी है।
राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बताया कि राज्य की करीब 82 प्रतिशत सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं और 26 हजार से अधिक सेवाएं डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक ने प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को नई मजबूती दी है।
दो दिवसीय राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा आधारित प्रशासन, साइबर सुरक्षा, डिजिटल गवर्नेंस, ई-सेवाओं और पुलिसिंग में AI के उपयोग जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे। इसमें देशभर के वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं।

