Rajasthan Police Transfer: राजस्थान पुलिस में आधी रात बड़ा फेरबदल, 100 इंस्पेक्टरों के तबादले, PHQ ने जारी किए आदेश- देखें लिस्ट

राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने 100 पुलिस निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। सभी स्थानांतरण अधिकारियों की स्वयं की प्रार्थना पर किए गए हैं। जानें किन रेंज और पुलिस आयुक्तालयों में नई नियुक्तियां हुई हैं।

Rajasthan Police Transfer: राजस्थान पुलिस में आधी रात बड़ा फेरबदल, 100 इंस्पेक्टरों के तबादले, PHQ ने जारी किए आदेश- देखें लिस्ट
Rajasthan police

राजस्थान पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 100 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) के तबादला आदेश जारी कर दिए। खास बात यह है कि ये सभी स्थानांतरण संबंधित अधिकारियों की स्वयं की प्रार्थना (Self Request) के आधार पर तत्काल प्रभाव से किए गए हैं।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कार्मिक) बीजू जॉर्ज जोसफ की ओर से जारी आदेश के अनुसार तबादला सूची में शामिल अधिकारियों को पुलिस आयुक्तालय जयपुर, पुलिस आयुक्तालय जोधपुर, अजमेर, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा रेंज सहित सीआईडी-सीबी, एटीएस-एसओजी, एसीबी, जीआरपी, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों और पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादला सूची में सबसे अधिक पोस्टिंग अजमेर रेंज, भरतपुर रेंज, जयपुर रेंज, जोधपुर रेंज, उदयपुर रेंज, कोटा रेंज, जयपुर और जोधपुर पुलिस आयुक्तालय तथा सीआईडी-सीबी में की गई है। इससे प्रदेश के कई जिलों में पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।

पुलिस मुख्यालय ने आदेश में साफ किया है कि जिन निरीक्षकों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के मामले दर्ज हैं या राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-16 (CCA Rule-16) के तहत कार्रवाई विचाराधीन अथवा प्रस्तावित है, उन्हें फिलहाल फील्ड पोस्टिंग नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों की जानकारी संबंधित नियंत्रण अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके अलावा 19 जून को जारी तबादला आदेश में संशोधन करते हुए निरीक्षक सतपाल सिंह का अजमेर रेंज से जयपुर पुलिस आयुक्तालय किया गया स्थानांतरण निरस्त कर दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर उनकी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।