दौसा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस-ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग; 7 की मौत, 22 घायल- देखें भयावह विडिओ
राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोलवा थाना क्षेत्र में सुबह करीब 3 बजे यात्रियों से भरी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरा घटनास्थल अफरा-तफरी में बदल गया।
दौसा एसपी पीयूष दीक्षित के अनुसार, हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 5 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं, जिनका दौसा जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बस में आग तेजी से फैल गई, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। राहत और बचाव दल ने आग के बीच से यात्रियों को बाहर निकाला, लेकिन कई लोग बस में ही फंस गए। आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा।


हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। दमकल और पुलिस की टीमों ने जलते हुए बस और ट्रक को हटाने के बाद यातायात बहाल कराया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ यात्री बस से बाहर जा गिरे। वहीं अस्पताल में घायल बच्चों का इलाज चल रहा है। एक महिला अपने घायल बच्चे की जान बचाने की गुहार लगाते हुए डॉक्टरों से मदद मांगती नजर आई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

