कोटा पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, पंचायत चुनाव पर मंथन; कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को कोटा पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यालय के निर्माण कार्य का जायजा लिया और आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को कोटा पहुंचे। उनका यह दौरा आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों के बाद मुख्यमंत्री का फोकस अब पंचायत स्तर के चुनावों पर है।
मुख्यमंत्री करीब दोपहर 1:30 बजे हवाई मार्ग से कोटा एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, भाजपा शहर अध्यक्ष राकेश जैन सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे 80 फीट रोड स्थित निर्माणाधीन भाजपा शहर जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यालय के निर्माण कार्य का जायजा लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री बोरखेड़ा स्थित कोरल पार्क के एलन हॉल में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य फोकस आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों पर रहेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं के साथ जमीनी स्तर पर संगठन की तैयारियों, स्थानीय मुद्दों और पंचायत चुनाव से जुड़े विषयों पर संवाद करेंगे। इससे पहले भी मुख्यमंत्री राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों पर चर्चा कर चुके हैं।
निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव पर फोकस
कोटा की बैठक में हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं का आभार जताने का कार्यक्रम भी रखा गया है। इसके साथ ही संगठन का ध्यान अब ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले पंचायती राज चुनावों की तैयारियों पर केंद्रित करने की बात सामने आ रही है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष, प्रदेश और जिला पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद और पूर्व सांसद, मोर्चा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष व महामंत्री, वर्तमान और पूर्व प्रधान, चेयरमैन तथा जिला परिषद सदस्यों को भी बुलाया गया है। ऐसे में बैठक में संगठन के कई स्तरों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी।
राजस्थान में 2026 के पंचायती राज चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा की ओर से भी अलग-अलग जिलों में कार्यकर्ता बैठकें और संगठनात्मक संवाद किए जा रहे हैं।

