ICAI के 78वें स्थापना दिवस पर जयपुर में सेवा का महाअभियान, 1143 यूनिट रक्तदान और नि:शुल्क हेल्थ चेकअप
ICAI जयपुर शाखा ने 78वें स्थापना दिवस पर 1143 यूनिट रक्तदान, नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। बड़ी संख्या में सीए, विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए।
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर आईसीएआई जयपुर शाखा ने सामाजिक, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ भव्य आयोजन किया। शाखा अध्यक्ष सीए राजा मोरध्वज शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विशाल रक्तदान शिविर, नि:शुल्क मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप और ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (RSLDC) के महाप्रबंधक कुलराज मीणा रहे। इस दौरान आईसीएआई जयपुर शाखा के पदाधिकारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, सीए विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। आईसीएआई की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य सीए सतीश कुमार गुप्ता और सीए (डॉ.) रोहित रूवाटिया अग्रवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

जयपुर के विभिन्न ब्लड बैंकों के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 1143 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। सदस्यों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए योगदान दिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रक्तदान की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
स्थापना दिवस पर आयोजित नि:शुल्क मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप में नेत्र परीक्षण के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और ईसीजी जैसी स्वास्थ्य जांच भी नि:शुल्क की गई, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।

कार्यक्रम के तहत आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें सीए विद्यार्थियों और सदस्यों ने पेंटिंग, स्केच, फोटोग्राफी और हस्तशिल्प की आकर्षक प्रस्तुतियां प्रदर्शित कीं। वहीं संगीत और नृत्य कार्यक्रमों ने आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
अंत में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को संस्थान की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और समाज सेवा में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

