मालवीय नगर से रामनगर तक छापेमारी, कार और मकान से 80 बोतल अवैध शराब जब्त; 4 गिरफ्तार
जयपुर के मालवीय नगर और रामनगर इलाके में पुलिस व आबकारी विभाग ने छापेमारी कर कारों और एक मकान से 80 बोतल अवैध शराब जब्त की। कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
Jaipur Raid Illegal Liquor Seized: जयपुर में अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने कई इलाकों में कार्रवाई की। मालवीय नगर और रामनगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान कारों और एक रिहायशी मकान से अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
रामनगर में कार से मिली 36 बोतल शराब
टीम को शहर के रिहायशी इलाकों में अवैध शराब के भंडारण और वाहनों के जरिए सप्लाई की सूचना मिली थी। इसके बाद मालवीय नगर और रामनगर इलाके में अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई शुरू की।
रामनगर मेट्रो स्टेशन के पास एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से विभिन्न ब्रांड की 36 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों कार के जरिए शराब की डिलीवरी करने की तैयारी में थे।
मालवीय नगर में कार से भी शराब बरामद
इसके बाद टीम ने मालवीय नगर के प्रधान मार्ग पर एक अन्य कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से अलग-अलग ब्रांड की अवैध शराब मिली। इस मामले में कार सवार एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
मकान में बनाया था शराब का ठिकाना
कार्रवाई के दौरान मालवीय नगर के मदर टेरेसा नगर में एक रिहायशी मकान की भी तलाशी ली गई। टीम के मुताबिक, मकान में अवैध शराब को स्टोर करके रखा गया था।
तलाशी में यहां से 44 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शराब कहां से आई, सप्लाई नेटवर्क की जांच
अलग-अलग कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और जयपुर में इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
अधिकारियों के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में प्रवर्तन टीम के अधिकारी लखन मीणा के सुपरविजन और पीओ नरेंद्र सिंह सांजू के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। जमादार धीरज सिंह सहित सिपाही हर्ष वशिष्ठ, रामेश्वर लाल, राम और रिंकू चौधरी की भी कार्रवाई में भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग की जांच जारी है।

