जयपुर में मर्सिडीज वर्कशॉप में भीषण- आग 8 कारें जलीं;10 दमकलों ने बुझाई आग

जयपुर के सीतापुरा स्थित मर्सिडीज वर्कशॉप में मंगलवार देर रात आग लग गई। 50 से ज्यादा कारों में से करीब 8 वाहन आग की चपेट में आए। 10 दमकलों ने दो घंटे में आग पर काबू पाया।

जयपुर में मर्सिडीज वर्कशॉप में भीषण- आग 8 कारें जलीं;10 दमकलों ने बुझाई आग

जयपुर के सीतापुरा इलाके में मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बालाजी मार्केट स्थित मर्सिडीज कंपनी की वर्कशॉप में अचानक आग भड़क उठी। वर्कशॉप में एक साथ 50 से ज्यादा नई और पुरानी कारें खड़ी थीं। देखते ही देखते आग ने वर्कशॉप के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर से भी नजर आया।

आग लगने की सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग के आसपास खड़ी गाड़ियों और दूसरे सामान तक लपटें पहुंचने की आशंका को देखते हुए इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आग को सीमित करने के लिए मोर्चा संभाला।

करीब 10 दमकलों को मौके पर लगाया गया। दमकल की गाड़ियों ने दो दर्जन से ज्यादा फेरे लगाए और लगभग दो घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के साथ ही सबसे बड़ी चुनौती वर्कशॉप में खड़ी दूसरी गाड़ियों को सुरक्षित निकालने की थी।

आग की चपेट में आईं करीब 8 कारें

आग के दौरान वर्कशॉप में 50 से ज्यादा कारें मौजूद थीं। राहत की बात यह रही कि दमकलकर्मियों और पुलिस की तत्परता से कई गाड़ियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। हालांकि करीब 8 कारें आग की चपेट में आ गईं। इसके अलावा वर्कशॉप में रखा एसेसरीज का सामान और महंगे ऑटो पार्ट्स भी जलकर नष्ट हो गए।

फायर ऑफिसर उषा शर्मा के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए करीब 10 दमकलों की मदद ली गई। टीमों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को आगे फैलने से रोकने की कोशिश की। करीब दो घंटे बाद स्थिति नियंत्रण में आई।

जनहानि नहीं, आग के कारण की जांच जारी

सांगानेर सदर थाना अधिकारी कमलेश शर्मा ने बताया कि हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल टीमों की कार्रवाई के चलते वर्कशॉप में मौजूद कई वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस और संबंधित विभाग नुकसान का आकलन करने के साथ आग लगने की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।

50 से ज्यादा कारें थीं, फिर भी बड़ा नुकसान टला

सीतापुरा की इस घटना में सबसे अहम बात यह रही कि आग उस जगह लगी, जहां बड़ी संख्या में वाहन और महंगे ऑटो पार्ट्स मौजूद थे। अगर आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो नुकसान काफी बढ़ सकता था। पुलिस और दमकल टीमों की कार्रवाई के बाद कई वाहनों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और मौके पर स्थिति सामान्य है। वर्कशॉप में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन जांच के बाद सामने आएगा।