रांची में सरकार और छात्रों के बीच बातचीत शुरू, 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल वार्ता के लिए पहुंचा
Jharkhand Student Protest: रांची में छात्र आंदोलन के बीच सरकार और छात्रों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता शुरू हुई। भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों की मांगों पर चर्चा जारी है।
रांची में छात्रों के आंदोलन के बीच आखिरकार सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बातचीत शुरू हो गई है। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सरकार के साथ वार्ता के लिए राजकीय अतिथिशाला पहुंचा है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत में छात्रों की मांगों, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और आंदोलन को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।
सरकार की ओर से बातचीत में चार मंत्री शामिल हैं। इनमें सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव शामिल हैं। इसके अलावा प्रशासन की ओर से रांची के उपायुक्त (DC) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भी वार्ता में मौजूद हैं।
छात्रों का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों और आंदोलन से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने रख रहा है। पिछले कई दिनों से छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि सरकार उनकी शिकायतों पर गंभीरता से विचार करे और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ठोस कदम उठाए।
राजकीय अतिथिशाला में चल रही इस बैठक को छात्रों के आंदोलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार और छात्रों के बीच बातचीत से क्या समाधान निकलता है।
बता दें कि रांची में अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे थे। आंदोलन के बीच छात्रों ने सरकार से बातचीत के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बनाने का फैसला किया था। अब इसी प्रतिनिधिमंडल के 10 सदस्य सरकार के साथ वार्ता में शामिल हुए हैं।
बैठक में छात्रों की ओर से अपनी मांगें रखने के साथ-साथ सरकार की ओर से समाधान का रास्ता तलाशने की कोशिश की जा रही है। बातचीत सफल रहती है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है, यह वार्ता के नतीजे पर निर्भर करेगा।

