‘कैसे-कैसे नमूने…’ बयान से गरमाई राजस्थान की राजनीति टीकाराम जूली ने किसको कहा 'नमूना' - देखें वीडियो
बीकानेर में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की टिप्पणी से राजस्थान की राजनीति गरमा गई। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और भाजपा-कांग्रेस के बीच नया सियासी विवाद खड़ा हो गया।
राजस्थान की राजनीति में इन दिनों नेताओं के बयानों को लेकर लगातार चर्चाएं तेज हैं। कभी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंच से गलती से दिया कुमारी को मुख्यमंत्री कहकर संबोधित कर देते हैं, तो कभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जुबान फिसलने पर भजनलाल शर्मा को “पूर्व मुख्यमंत्री” कह देते हैं। इन घटनाओं के बीच अब नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के एक बयान ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।
बीकानेर में कांग्रेस के विशाल जन-आंदोलन और जिला कलेक्ट्रेट घेराव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का जिला पूरे राजस्थान में अपराध के मामलों में नंबर वन बन गया है। इसी दौरान उन्होंने मंच से कहा, “दुर्भाग्य देखिए, राजस्थान के कैसे-कैसे नमूने फिट हो गए, जो बैठ गए सीटों के ऊपर।”

जूली के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समर्थक इसे सरकार की नीतियों पर करारा राजनीतिक हमला बता रहे हैं, जबकि विरोधी इसे मुख्यमंत्री के लिए अपमानजनक टिप्पणी बताते हुए राजनीतिक मर्यादा पर सवाल उठा रहे हैं।
अब इस बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, कांग्रेस अपने नेता के बयान का किस तरह बचाव करती है और यह विवाद आने वाले दिनों में कितना तूल पकड़ता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

