अलवर से गुरुग्राम का सफर होगा आसान, अब सिर्फ डेढ़ घंटे में पहुंचेगी मंजिल
अलवर से गुरुग्राम के बीच 72 किमी फोरलेन सड़क बनेगी। प्रोजेक्ट से सफर 2.5-3 घंटे से घटकर करीब 1.5 घंटे हो जाएगा।
अलवर से हाईटेक सिटी गुरुग्राम तक यात्रा करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही यह सफर डेढ़ घंटे में पूरा हो सकेगा। राजस्थान और हरियाणा की नेशनल हाईवे डिविजन मिलकर 72 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण करेंगे, जिससे यात्रा तेज और सुरक्षित हो जाएगी।
वर्तमान में 2.5 से 3 घंटे का लगता है समय
अभी अलवर से गुरुग्राम पहुंचने में करीब ढाई से तीन घंटे का समय लगता है। मार्ग टू-लेन होने और भारी ट्रैफिक के कारण अक्सर जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती रहती है।
राजस्थान हिस्से में DPR तैयार, जल्द शुरू होगा काम
बगड़ तिराहे से नौगांवा तक 23 किमी सड़क को फोरलेन किया जाएगा इस हिस्से की डीपीआर पीडब्ल्यूडी एनएच द्वारा तैयार की जा रही है। हनुमान सर्किल से बगड़ तिराहे तक पहले से फोरलेन मौजूद है। अप्रैल तक निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना।
हरियाणा में 49 किमी रोड का होगा विस्तार
हरियाणा के नूंह से गुरुग्राम तक 49 किमी का हिस्सा भी फोरलेन किया जाएगा। यह मार्ग फिलहाल भारी ट्रैफिक के दबाव को झेल नहीं पा रहा है। इस परियोजना के लिए 480 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। तीन गांवों की जमीन का अधिग्रहण शामिल है। वन विभाग की एनओसी के चलते देरी हुई, अब अप्रैल में काम शुरू होने की उम्मीद है।

