Kotputli News: यूट्यूबर को फंसाकर वसूली का आरोप, SHO समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
कोटपूतली के भाबरू थाना क्षेत्र में यूट्यूबर को फंसाकर उगाही के आरोप में SHO समेत 4 पुलिसकर्मी निलंबित। 5 लाख की मांग, 1 लाख लेकर छोड़े जाने का मामला, जांच जारी।
कोटपूतली जिले के भाबरू थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मियों पर ही गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत के मुताबिक, एक यूट्यूबर को साजिश के तहत बुलाकर उसकी गाड़ी में अवैध हथियार दिखाया गया और उसे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग की गई।
5 लाख की मांग, 1 लाख लेकर छोड़ा
पीड़ित का कहना है कि उसे डराकर पहले 5 लाख रुपये मांगे गए। बाद में सौदेबाजी के बाद 1 लाख रुपये लेकर मामला ‘सेटल’ किया गया। आरोप है कि इस पूरी योजना में उसका एक परिचित भी शामिल था, जिसने उसे मौके पर बुलाया और पुलिस के साथ मिलकर जाल बिछाया।
शिकायत के बाद खुली साजिश, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
घटना के बाद पीड़ित को शक हुआ और उसने सबूत जुटाकर उच्च अधिकारियों से शिकायत की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई।
SHO सहित चार पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी
मामले में भाबरू थाने के SHO, एक ASI और दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच एडिशनल एसपी को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

