RAS-2026 प्री परीक्षा टली! मई में एग्जाम संभव नहीं, अभी तक वैकेंसी जारी नहीं

Rajasthan Public Service Commission को अभी तक RAS 2026 भर्ती की अभ्यर्थना नहीं मिली। 3 मई को प्रस्तावित प्री परीक्षा टलना तय, आवेदन प्रक्रिया भी लंबित।

RAS-2026 प्री परीक्षा टली! मई में एग्जाम संभव नहीं, अभी तक वैकेंसी जारी नहीं
Exam

राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं (RAS) परीक्षा-2026 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। सरकार ने जनवरी में एक लाख भर्तियों का कैलेंडर जारी करते हुए RAS प्री परीक्षा 3 मई को प्रस्तावित की थी, लेकिन अब तक इस भर्ती की आधिकारिक शुरुआत ही नहीं हो सकी है। ऐसे में तय तारीख पर परीक्षा होने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।

RPSC को नहीं मिली अभ्यर्थना, आवेदन प्रक्रिया भी लंबित

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) को अभी तक कार्मिक विभाग की ओर से भर्ती के लिए प्रस्ताव नहीं मिला है। न ही पदों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी हुआ है। ऐसे में आवेदन प्रक्रिया शुरू होना भी बाकी है, जो सामान्य तौर पर कम से कम एक महीने का समय लेती है।

तैयारी और परीक्षा के बीच जरूरी गैप, इसलिए मई में एग्जाम मुश्किल

पिछले वर्षों के ट्रेंड को देखें तो आवेदन की अंतिम तारीख के बाद परीक्षा आयोजित होने में 2 से 3 महीने का समय दिया जाता है। इस हिसाब से यदि अभी वैकेंसी निकाली भी जाए, तब भी मई में परीक्षा कराना संभव नहीं है।

RAS-2024 भर्ती प्रक्रिया जारी, इंटरव्यू चल रहे

वर्तमान में RAS-2024 भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 1096 पदों के लिए चल रही इस भर्ती में इंटरव्यू जारी हैं और इसका फाइनल रिजल्ट अप्रैल के अंत या मई के पहले सप्ताह तक आने की संभावना जताई जा रही है।

रिजर्व डेट रखने के बावजूद एग्जाम नहीं

RPSC ने 2026 के लिए जारी अपने परीक्षा कैलेंडर में 3 मई की तारीख को रिजर्व रखा था, लेकिन उस दिन कोई परीक्षा निर्धारित नहीं की गई। इससे स्पष्ट है कि RAS-2026 की प्री परीक्षा अब नई तारीख पर ही आयोजित होगी।