लंच के बाद राजघाट पहुंचे राहुल-प्रियंका, पुलिस ने लगाए बैरिकेड; अब आगे क्या?

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचे। पुलिस की बैरिकेडिंग और सुरक्षा के बीच अब प्रदर्शन को लेकर क्या होगा?

लंच के बाद राजघाट पहुंचे राहुल-प्रियंका, पुलिस ने लगाए बैरिकेड; अब आगे क्या?

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लंच के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी सांसद राजघाट की ओर रवाना हुए।

राजघाट पहुंचने से पहले खड़गे ने कहा था कि विपक्ष वहां जाकर महात्मा गांधी से सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करेगा। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने राजघाट पर सभा को रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है और इलाके में बैरिकेडिंग के साथ निषेधात्मक आदेश लागू किए गए हैं।

दो दिन से एक जैसा पैटर्न, बस मंजिल बदल रही

दिल्ली में पिछले दो दिनों से विपक्ष के प्रदर्शन का एक खास पैटर्न देखने को मिल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे विपक्षी सांसदों के लिए लंच आयोजित करते हैं, इसके बाद सांसद बसों में सवार होकर प्रदर्शन स्थल की ओर निकलते हैं।

बुधवार को विपक्षी सांसदों ने जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया था। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था।

इससे एक दिन पहले भी राहुल और प्रियंका समेत विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उस दौरान राहुल गांधी और अन्य नेताओं के आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश को लेकर दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने इस मामले में बिना अनुमति प्रवेश और पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए हैं।

आज राजघाट पर क्या होगा?

गुरुवार को विपक्ष ने प्रदर्शन के लिए राजघाट का रुख किया है। पुलिस की ओर से पहले ही वहां सुरक्षा बढ़ाई गई और सभा पर रोक लगाने के लिए आदेश जारी किए गए हैं। ऐसे में राजघाट पर पहुंच चुके विपक्षी सांसदों और पुलिस के बीच आगे क्या स्थिति बनती है, इस पर सबकी नजर है।

विपक्ष का कहना है कि वह ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगा। वहीं चुनाव आयोग और सरकार ने विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया है।

BJP ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

राजघाट मार्च को लेकर भाजपा ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि अगर महात्मा गांधी आज जीवित होते तो वह कांग्रेस और राहुल गांधी को समझदारी भरी सलाह देते।

इस बीच दिल्ली में लगातार तीसरे दिन विपक्ष और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। अब देखना यह है कि राजघाट पर पहुंचने के बाद विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन किस रूप में आगे बढ़ता है और पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।