International Yoga Day 2026: कोलकाता में बनेगा नया रिकॉर्ड, PM मोदी के साथ 10 लाख लोग करेंगे योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में 10 लाख लोगों के एक साथ योगाभ्यास का लक्ष्य रखा गया है। आयुष मंत्रालय के अनुसार इस आयोजन में नया विश्व रिकॉर्ड बन सकता है। जानिए कार्यक्रम की पूरी जानकारी।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में करीब 10 लाख लोग एक साथ योगाभ्यास कर सकते हैं, जिससे नया विश्व रिकॉर्ड बनने की संभावना है।
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 7 लाख लोगों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है और यह संख्या 10 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।
ड्रोन शो और 500 नावों के साथ रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
योग दिवस से पहले 20 जून को कोलकाता में भव्य कार्निवल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बड़े स्तर पर ड्रोन शो भी आयोजित होगा। इसके अलावा लगभग 500 नावों को एक साथ शामिल कर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की भी तैयारी की गई है।
PM मोदी करेंगे मुख्य कार्यक्रम की अगुवाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह कोलकाता में आयोजित मुख्य योग कार्यक्रम में शामिल होंगे और योग सत्र का नेतृत्व करेंगे। आयोजन स्थल पर करीब 35 हजार लोगों के एकत्र होने की संभावना है, जबकि पूरे शहर में विभिन्न स्थानों पर लाखों लोग प्रधानमंत्री के साथ योगाभ्यास करेंगे।
दिल्ली में भी होगा विशेष आयोजन
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में करीब 3 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
खेल मंत्रालय ने देशभर में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, खेलो इंडिया संस्थानों और प्रशिक्षण केंद्रों में एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है। मंत्रालय के मुताबिक देशभर में 15 हजार से अधिक लोग इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
अक्षय कुमार भी करेंगे योग
बॉलीवुड अभिनेता और फिटनेस आइकॉन Akshay Kumar भी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उनके साथ खेल मंत्री मनसुख मांडविया योगाभ्यास करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय खेल महासंघ, राज्य खेल विभाग और विभिन्न खेल विश्वविद्यालय भी योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

