त्रिपुरा के युवक का मजाक उड़ाना पड़ा भारी, दिल्ली पुलिस ने कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को किया गिरफ्तार

त्रिपुरा के युवक लैसोंजित रेआंग का कथित मजाक उड़ाने वाले कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को दिल्ली पुलिस ने करोलबाग से गिरफ्तार किया।

त्रिपुरा के युवक का मजाक उड़ाना पड़ा भारी, दिल्ली पुलिस ने कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को किया गिरफ्तार

त्रिपुरा के युवक लैसोंजित रेआंग के साथ कथित नस्लीय मजाक और अपमानजनक वीडियो बनाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही आरोपी की तलाश की जा रही थी।

करोलबाग में रिश्तेदार के घर छिपा था आरोपी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आमिर शौकीन गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। दिन में उसकी लोकेशन दिल्ली के शाहदरा इलाके में मिली थी, लेकिन बाद में वह वहां से दूसरी जगह चला गया।

इसके बाद सदर बाजार थाना पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से शाम के समय उसे करोलबाग इलाके से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने एक रिश्तेदार के घर में छिपकर रह रहा था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

यह मामला उस समय चर्चा में आया, जब त्रिपुरा के युवक लैसोंजित रेआंग का मजाक उड़ाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। युवक के मुताबिक, उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसकी बातचीत और घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया जा रहा है।

लैसोंजित ने बाद में बताया कि यह घटना पिछले महीने हुई थी। उसे वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ही पूरे मामले का पता चला। वह अहमदाबाद में नौकरी की तलाश कर रहा था और इसी सिलसिले में एक रेस्टोरेंट में इंटरव्यू देने गया था। इंटरव्यू के बाद लौटते समय कुछ लोगों ने उससे बातचीत शुरू की थी, जिनमें कथित तौर पर एक कंटेंट क्रिएटर भी शामिल था।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने जताई थी नाराजगी

मामला सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी घटना पर कड़ी नाराजगी जताई थी और कार्रवाई की मांग की थी। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी विरोध देखने को मिला।

अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने के नाम पर किसी व्यक्ति का अपमान करने और कथित नस्लीय भेदभाव जैसे मुद्दों को चर्चा में ला दिया है।