7.8% GDP पर PM मोदी का संदेश, राहुल गांधी पर निशाना; बोले- ‘निराशा फैलाने वालों से ऊपर उठ रहा भारत’

भारत की 7.8 प्रतिशत GDP विकास दर पर पीएम मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और युवाओं के भविष्य पर जोर दिया।

7.8% GDP पर PM मोदी का संदेश, राहुल गांधी पर निशाना; बोले- ‘निराशा फैलाने वालों से ऊपर उठ रहा भारत’

भारत की अर्थव्यवस्था की विकास दर 7.8 प्रतिशत दर्ज होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने इस आंकड़े को भारत की सामूहिक मेहनत और मजबूत होती अर्थव्यवस्था का संकेत बताया। इसी दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि देश के भीतर कुछ लोग निराशा का माहौल बनाने और झूठ फैलाने में लगे हैं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि दुनिया इस समय युद्ध, आर्थिक अस्थिरता और सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है। कोविड महामारी के बाद वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन इन परिस्थितियों के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर को देश के लोगों की मेहनत और सामूहिक शक्ति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भारत को इसी रफ्तार को आगे भी बनाए रखना होगा और इसके लिए आत्मनिर्भरता पर जोर देना जरूरी है।

GDP के आंकड़ों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के अंदर कुछ लोग निराशा के अंधेरे में हैं और लगातार नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि इन बाधाओं से ऊपर उठते हुए भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है।

पीएम मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है जब राहुल गांधी केंद्र सरकार पर बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। राहुल गांधी ने हाल ही में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान भी युवाओं और रोजगार के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा था।

‘वोकल फॉर लोकल’ पर पीएम मोदी का जोर

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में आर्थिक विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील भी की। उन्होंने लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाने की बात कही।

पीएम मोदी ने कहा कि अनावश्यक विदेशी यात्राओं और विदेशों में शादियां करने के बजाय देश में ही ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से जरूरत नहीं होने पर सोना खरीदने से बचने की अपील भी की।

उन्होंने कहा कि देश जितना अधिक स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा, उतनी ही मजबूत भारत की अर्थव्यवस्था होगी। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक देश अपने युवाओं को विकसित भारत सौंपने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

‘युवाओं के सपनों को साकार करना लक्ष्य’

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने होंगे। उन्होंने लोगों से विकास की इस गति को बनाए रखने और सामूहिक प्रयासों के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

पीएम मोदी ने कहा कि देश की नीतियां सही दिशा में हैं और 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक ताकत भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम है। उन्होंने देशवासियों से विकास की उपलब्धि का जश्न मनाने के साथ भविष्य के लिए नया संकल्प लेने का आह्वान किया।