ईरान युद्ध का असर: सोजत मेहंदी उद्योग को 250 करोड़ की चोट

Pali के Sojat में मेहंदी उद्योग मिडिल ईस्ट युद्ध के कारण संकट में। ₹250 करोड़ नुकसान, निर्यात ठप, हजारों श्रमिक प्रभावित।

पाली जिले के सोजत का विश्व प्रसिद्ध मेहंदी उद्योग इन दिनों गहरे संकट से गुजर रहा है, जहां मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध ने कारोबार की कमर तोड़ दी है। पिछले एक महीने में करीब 250 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है और निर्यात आधारित यह उद्योग लगभग ठप पड़ चुका है। यूरोप और इजरायल को जाने वाला माल होल्ड पर है, नए ऑर्डर बंद हो चुके हैं और उत्पादन महज 10 फीसदी रह गया है। 100 से अधिक फैक्ट्रियों में काम करने वाले करीब 5 हजार श्रमिकों पर सीधा असर पड़ा है, जिनमें से बड़ी संख्या में मजदूर पलायन कर चुके हैं।

लाल सागर मार्ग प्रभावित होने से शिपिंग लागत दोगुनी हो गई है, वहीं एलपीजी और कच्चे माल की कमी ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। कभी 4000 करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर वाला यह उद्योग अब 80-90 फीसदी तक गिर चुका है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ मजदूरों के सामने भी बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।