UPSC NDA NA 2 Exam 2026: 394 पदों पर भर्ती, जानें पेपर पैटर्न और एडमिट कार्ड से जुड़ी पूरी जानकारी

UPSC NDA NA 2 Exam 2026 की परीक्षा सितंबर में होगी। जानें 394 पदों की भर्ती, परीक्षा पैटर्न, शिफ्ट, एडमिट कार्ड और नेगेटिव मार्किंग की पूरी जानकारी।

UPSC NDA NA 2 Exam 2026: 394 पदों पर भर्ती, जानें पेपर पैटर्न और एडमिट कार्ड से जुड़ी पूरी जानकारी

UPSC NDA NA 2 Exam 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और नौसेना अकादमी (NA) परीक्षा-2, 2026 की परीक्षा तारीख घोषित कर दी है। आयोग के परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक NDA और NA 2 परीक्षा का आयोजन 13 सितंबर 2026 को देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा ऑफलाइन पेन-पेपर मोड में होगी और इसे दो पालियों में आयोजित किया जाएगा।

NDA-NA 2 के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 मई से 11 जून 2026 तक चली थी। आवेदन कर चुके उम्मीदवार अब परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे सकते हैं।

दो पालियों में होगी NDA-NA 2 परीक्षा

UPSC NDA-NA 2 परीक्षा 13 सितंबर को दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में मैथमेटिक्स का पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा। इसके बाद दूसरी पाली में जनरल एबिलिटी टेस्ट (GAT) दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

लिखित परीक्षा कुल 900 अंकों की होगी। इसमें मैथमेटिक्स 300 अंकों का और GAT 600 अंकों का होगा। उम्मीदवारों को परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन के साथ-साथ नेगेटिव मार्किंग का भी ध्यान रखना होगा।

394 पदों पर होगी भर्ती

NDA और NA परीक्षा-2, 2026 के माध्यम से कुल 394 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 370 पद पुरुष उम्मीदवारों और 24 पद महिला उम्मीदवारों के लिए निर्धारित हैं।

लिखित परीक्षा में गलत उत्तर देने पर उम्मीदवारों के अंक काटे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए संबंधित प्रश्न के निर्धारित अंकों का एक-तिहाई अंक कम किया जाएगा। वहीं किसी प्रश्न को खाली छोड़ने पर कोई अंक नहीं काटा जाएगा।

परीक्षा से पहले जारी होगा एडमिट कार्ड

UPSC की ओर से NDA-NA 2 परीक्षा के लिए ई-एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। आयोग के अनुसार पात्र उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड परीक्षा की तारीख से पहले वाले सप्ताह के अंतिम कार्य दिवस पर उपलब्ध कराए जाने हैं।

उम्मीदवारों को अपना ई-एडमिट कार्ड UPSC की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा। इसे डाक या ईमेल के जरिए नहीं भेजा जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन के दौरान दिया गया ईमेल पता सक्रिय रखें, ताकि आयोग की ओर से भेजी जाने वाली जरूरी सूचनाएं समय पर मिल सकें।

परीक्षा के बाद आपत्ति दर्ज करने का भी मौका

परीक्षा समाप्त होने के बाद उम्मीदवार प्रश्नपत्र और प्रोविजनल आंसर की से संबंधित आपत्तियां या अपना प्रतिनिधित्व ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए परीक्षा की तारीख के तीसरे दिन से सातवें दिन शाम 6 बजे तक की अवधि निर्धारित की जाएगी।

उम्मीदवार UPSC की ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए आयोग के पोर्टल पर संबंधित परीक्षा के 'Representation on Question Paper and Provisional Answer Key' सेक्शन का इस्तेमाल करना होगा।

उम्मीदवार अभी से बनाएं तैयारी की रणनीति

NDA-NA 2 परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के पास अब परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप देने का समय है। ऐसे में उन्हें सिलेबस के साथ पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र, मॉक टेस्ट और समयबद्ध अभ्यास पर विशेष ध्यान देना चाहिए। खासतौर पर नेगेटिव मार्किंग को देखते हुए प्रश्न हल करते समय अनुमान लगाने से बचना बेहतर रहेगा।