Rajasthan Weather Update : चैत्र में ही बैसाख जैसी गर्मी, कई शहरों में पारा 40 के पार, हीटवेव का अलर्ट

Rajasthan में होली के बाद गर्मी तेज हो गई है। Barmer में तापमान 40.4°C तक पहुंच गया, जबकि Jaisalmer और Bikaner में भी तेज गर्मी और हीटवेव जैसे हालात बन रहे हैं।

Rajasthan Weather Update : चैत्र में ही बैसाख जैसी गर्मी, कई शहरों में पारा 40 के पार, हीटवेव का अलर्ट
Today rajasthan weather

राजस्थान में होली के बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदल गया है। चैत्र माह की शुरुआत में ही बैसाख जैसी तेज गर्मी पड़ने लगी है। राज्य के कई शहरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जगहों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। पिलानी, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर और फलोदी में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। इस सीजन में पहली बार राज्य का अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया है।

पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर

सोमवार को राज्य के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। बाड़मेर, बालोतरा और आसपास के इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी रही। यहां सुबह से ही तेज धूप रही और दोपहर के समय हल्की से मध्यम लू चलने की जानकारी सामने आई है।

बाड़मेर सबसे गर्म, फतेहपुर में सबसे कम तापमान

मौसम विभाग की डेली डाटा रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं आर्द्रता का स्तर 8 से 33 प्रतिशत के बीच रहा।

इन शहरों में दर्ज हुआ अधिकतम तापमान

अजमेर 37.2, भीलवाड़ा 36.6, अलवर 36.2, जयपुर 37.8, पिलानी 39.5, सीकर 36.2, कोटा 38.0, डबोक 36.5, बाड़मेर 40.4, जैसलमेर 39.0, जोधपुर 38.4, माउंट आबू 30.2, बीकानेर 38.6, चूरू 39.1, श्रीगंगानगर 36.2, अंता बारां 36.7, डूंगरपुर 37.4, जालौर 37.1, सिरोही 36.2, फतेहपुर (सीकर) 38.0, करौली 37.1, दौसा 38.3 और झुंझुनूं में 37.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। विभाग ने जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ से मिल सकती है थोड़ी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले 48 घंटों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और कई स्थानों पर पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 11 से 12 मार्च के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।