सीकर में पकड़ी गई जयपुर की महिला चेन स्नैचर्स, बुजुर्ग महिलाओं को बनाती थीं निशाना
सीकर। सीकर पुलिस ने चेन स्नैचिंग की शातिर महिला गैंग को बड़ी कामयाबी के साथ दबोच लिया। जयपुर निवासी दो महिलाएं पिछले काफी समय से सीकर आकर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बना रही थीं। वारदात करने के तुरंत बाद ये रोडवेज बस से जयपुर लौट जाती थीं। बुधवार को पुलिस ने रोडवेज बस डिपो से दोनों को उस समय पकड़ा जब वे फिर से चोरी की नीयत से सीकर पहुंची थीं।
एक महीने पुरानी घटना से खुला मामला
गत 3 नवंबर को सीकर शहर में 75 वर्षीय सरला आर्य ऑटो रिक्शा में बैठी थीं। रास्ते में दो महिलाएं बार-बार उनसे टकराती रहीं और मौका पाकर उनकी सोने की चेन खींचकर फरार हो गईं। सरला को पहले लगा कि गड्ढों की वजह से चेन टूट गई, लेकिन बाद में उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शहर के दो दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अभय कमांड सेंटर के कैमरों में दोनों महिलाओं के चेहरे साफ दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर पुलिस चौमूं पुलिया तक तो पहुंच गई, लेकिन उसके आगे ट्रेस नहीं मिला।
मुखबिरों की सूचना पर मिली सफलता
थानाधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस (मुखबिर तंत्र) को सक्रिय किया। मुखबिरों से पता चला कि दोनों आरोपी महिलाएं फिर से सीकर आई हैं और रोडवेज बस डिपो पर हैं। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में महिलाओं ने कबूल किया कि वे सिर्फ चेन स्नैचिंग करने के लिए जयपुर से सीकर आती हैं। बुजुर्ग महिलाओं को आसान निशाना समझकर वारदात करती हैं और तुरंत बस पकड़कर फरार हो जाती हैं।
पुलिस अब इनके पुराने रिकॉर्ड और अन्य साथियों की तलाश कर रही है। दोनों आरोपियों से बरामद सामान और अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

