त्रिवेंद्रम राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में लगी आग, यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के B-1 कोच और लगेज वैन में मध्य प्रदेश के लूणी रीछा-विक्रमगढ़ आलोट के बीच आग लग गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि कई यात्रियों का सामान जल गया।

त्रिवेंद्रम राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में लगी आग, यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

Trivandrum Hazrat Nizamuddin Rajdhani Express 12431 के दो कोचों में रविवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा कोटा मंडल में मध्य प्रदेश के लूणी रीछा-विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुआ।

आग ट्रेन के B-1 कोच और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और राहत-बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, B-1 कोच में 68 यात्री सवार थे। गार्ड ने सबसे पहले आग की जानकारी लोको पायलट को दी, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया।

15 मिनट में खाली कराया गया कोच

सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर सौरभ जैन ने बताया कि यात्रियों को तेजी से बाहर निकाला गया और करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली करा लिया गया।

कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कोच को अपनी चपेट में ले लिया। बाद में आग पीछे लगे लगेज वैन तक पहुंच गई, जहां यात्रियों का सामान रखा हुआ था। इस कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

हालांकि कई यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

दिल्ली-मुंबई रूट पर ट्रैफिक रोका गया

हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक अस्थायी रूप से रोक दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन का बिजली कनेक्शन काट दिया गया और प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग किया गया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद यात्रियों को दूसरे कोचों में शिफ्ट कर ट्रेन को लगभग साढ़े चार घंटे बाद कोटा के लिए रवाना किया गया।