जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटा, भारी बारिश से तबाही; फसलें बर्बाद, सड़कें बंद

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश और बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। फसलों, बाग-बगीचों और संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ, जबकि कई सड़कें बंद हो गईं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।

जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटा, भारी बारिश से तबाही; फसलें बर्बाद, सड़कें बंद

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश और बादल फटने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। प्राकृतिक आपदा के चलते फसलों, बाग-बगीचों और निजी संपत्तियों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।

डोडा जिले के भलेसा के खलजुगासर क्षेत्र में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने किसानों की खड़ी फसलें और फलदार बाग-बगीचों को तबाह कर दिया। कई मकानों और अन्य निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है।

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जिले की कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं, जिससे भलेसा का भट्यास क्षेत्र कई घंटों तक बाकी इलाकों से कटा रहा। वहीं कश्तीगढ़ क्षेत्र में भी तेज बारिश के चलते अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

बादल फटने के बाद कई जल स्रोत उफान पर आ गए, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और मिट्टी का कटाव देखने को मिला। सड़कें बंद होने से लोगों को दैनिक जरूरतों और आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने हालात पर लगातार नजर बनाए रखी है और बंद सड़कों को जल्द खोलने के लिए मशीनें लगाकर राहत कार्य शुरू कर दिया है। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।