रामनवमी के पावन अवसर पर, भव्यमय होगी छोटी काशी
जयपुर में रामनवमी पर दो भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। सूरजपोल से चांदपोल और जैकब रोड से श्याम नगर तक यात्रा के चलते ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जयपुर : रामनवमी के पावन अवसर पर छोटी काशी माने जाने वाली गुलाबी नगरी जयपुर में गुरुवार को आस्था और उत्साह का भव्य संगम देखने को मिलेगा। शहर के अलग-अलग इलाकों से दो विशाल शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जिनकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और पुलिस ने संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। मुख्य रूप से एक शोभायात्रा सूरजपोल अनाज मंडी से चांदपोल स्थित श्रीराम मंदिर तक जाएगी, जबकि दूसरी यात्रा जैकब रोड से श्याम नगर तक निकाली जाएगी।
श्री रामकृष्ण जयंती महोत्सव समिति ट्रस्ट की ओर से गुरुवार शाम 4 बजे सूरजपोल अनाज मंडी से शोभायात्रा रवाना होगी। यह यात्रा सूरजपोल गेट, रामगंज चौपड़, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, न्यू गेट, चौड़ा रास्ता और त्रिपोलिया बाजार होते हुए चांदपोल स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले संबंधित मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया जाएगा। शोभायात्रा मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
इन मार्गों से बंद रहेगा प्रवेश
गलता गेट, घाटगेट, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट और रामगढ़ मोड़ से परकोटे में टैम्पो, मिनी बस और सिटी बसों का प्रवेश बंद रहेगा।
रामगंज चौपड़, बड़ी चौपड़, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया गेट और चांदपोल की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
बापू बाजार, नेहरू बाजार, रामनिवास बाग चौराहा और त्रिपोलिया टी-पॉइंट पर भी ट्रैफिक रोका जाएगा।
हालांकि एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी जाएगी।
आकर्षण का केंद्र रहेगी 35 झांकियां, हाथी-ऊंट-घोड़े
इस शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के स्वरूपों की सजीव झांकियां प्रमुख आकर्षण होंगी। कुल 35 झांकियां शामिल होंगी। यात्रा में 5 हाथी, 8 ऊंट और 8 घोड़े सुसज्जित रूप में शामिल रहेंगे। झांकियों में जेके लोन गणेशजी का रथ, हरिसिंहजी भोमियाजी, वीर हनुमानजी, जीण माता, वैष्णो देवी, नीली हवेली वाले हनुमानजी, मुरली मनोहरजी मंदिर और चिंताहरण हनुमानजी सहित कई धार्मिक स्वरूप दर्शाए जाएंगे। विद्युत झांकियों में गणेशजी का तबला वादन, शिवजी की हथेली पर नृत्य, हनुमानजी की शिव आरती और रामजी का पालने में झूलना जैसे मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए हैं, जहां आरती की जाएगी। रात करीब 10:30 बजे चांदपोल स्थित श्रीरामचंद्रजी मंदिर में महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
जैकब रोड से श्याम नगर तक दूसरी शोभायात्रा
दूसरी शोभायात्रा प्राचीन शिव हनुमान मंदिर, जैकब रोड से शुरू होकर हसनपुरा, हटवाड़ा रोड, अजमेर रोड, न्यू सांगानेर रोड और रामपथ मार्ग होते हुए प्रियदर्शनी मार्ग स्थित हरिहर मंदिर, श्याम नगर पहुंचेगी। यात्रा के शुभारंभ पर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जो पूरे मार्ग में साथ रहेंगी। अखाड़ों के प्रदर्शन, साधु-संतों का सम्मान और उनके उद्बोधन भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए शोभायात्रा में शामिल सभी लोगों को आई कार्ड दिए गए हैं, जिन पर नाम दर्ज रहेगा।
सामाजिक सौहार्द की मिसाल बनेगी यात्रा
हसनपुरा क्षेत्र में मुस्लिम समाज के लोग शोभायात्रा का स्वागत करेंगे, जो सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देगा। 20 कलाकारों की टीम नासिक ढोल की प्रस्तुति देगी, जो खास आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा शोभायात्रा में रामदरबार, वाल्मीकि, भारत माता, शिवाजी, महाराणा प्रताप, पंच प्यारे, हनुमानजी और राधा-कृष्ण की सजीव झांकियां भी शामिल होंगी। सजे-धजे रथों के साथ तीन डीजे भी यात्रा में रहेंगे।
पुलिस ने जनता से की अपील
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन कर सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
Ayush Pareek 
