जयपुर में नींबू के पैसे मांगने पर दुकानदार से मारपीट, CCTV में कैद वारदात
जयपुर के जयसिंहपुरा खोर में नींबू के पैसे मांगने पर युवक ने दुकानदार को लाठी से पीटा, CCTV वीडियो सामने आया, पुलिस जांच में जुटी।
फल-सब्जी की दुकान पर नींबू लेने आए युवक ने दुकानदार को जमकर पीटा। दुकानदार ने उससे नींबू के पैसे मांगे थे, जिस पर वो भड़क गया। इसके बाद अपने साथियों के साथ लाठियों से मारपीट की। आस-पास के लोगों के आने पर युवक भाग गया। दुकानदार का कहना है कि युवक सब्जी उधार लेकर जाते है लेकिन पैसे नहीं देते है। मामला जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र का है। मारपीट का सीसीटीवी भी सामने आया है।
नींबू के पैसे मांगने पर मारपीट की
2 नंबर बस स्टैंड के पास फल-फ्रूट व सब्जी की दुकान लगाने वाले पप्पू लाल सैनी ने बताया मारपीट 27 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की गई। दुकान पर कुंड रोड निवासी मोहित शर्मा नींबू खरीदने आया था। नींबू लेने के बाद जब पैसे मांगे गए तो उसने भुगतान करने से मना कर दिया।
दुकानदार ने कहा कि गाली-गलौच करते हुए लकड़ी के डंडे से भी उसने मेरे साथ मारपीट की। इससे दोनों हाथों और पीठ पर गंभीर चोट आईं है। आस-पास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को छुड़वाया। आरोपी ने जाते समय भी जान से मारने की धमकी दी।
पहले भी उधार लेकर गया है सब्जी
दुकानदार ने बताया कि आरोपी पहले भी दुकान से उधार सब्जी लेकर गया है लेकिन पैसे नहीं लौटाए। दुकान में लगे सीसीटीवी में मारपीट की घटना कैद हो गई। लोगों की भीड़ एकत्रित होती देखकर हमलावर युवक फरार हो गए। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस थाना जयसिंहपुरा खोर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
Ayush Pareek 
