जयपुर में पानी सप्लाई का समय बदला, अजमेरी गेट और जवाहर नगर में अब दोपहर में मिलेगा पानी
जयपुर के अजमेरी गेट और जवाहर नगर क्षेत्रों में 1 अप्रैल से पानी सप्लाई का समय बदल गया है। अब दोपहर 1 से 2 बजे तक बेहतर प्रेशर के साथ जलापूर्ति की जाएगी।
जयपुर शहर के अजमेरी गेट (नॉर्थ) और जवाहर नगर (साउथ) क्षेत्रों के हजारों लोगों के लिए अच्छी खबर है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने पेयजल प्रेशर सुधार और जलापूर्ति व्यवस्था को अच्छा सुचारु बनाने के उद्देश्य से इन इलाकों में पानी सप्लाई का समय बदल दिया है। यह नया समय 1 अप्रैल से लागू हो गया है।
विभाग के अनुसार, अजमेरी गेट उपखण्ड के एमआई रोड के उत्तरी हिस्से में आने वाले वाल्मीकि कॉलोनी, कप्तान जी का हत्था, लड़ी वालों की बगीची, जुम्मा बाजार और कड़वी मंडी सहित कई इलाकों में अब पानी दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक दिया जाएगा। इसी तरह जवाहर नगर (दक्षिण) क्षेत्र के केंद्रीय कारावास, सुदामापुरी, अग्रवाल कॉलेज और मीणा मोहल्ला समेत अन्य क्षेत्रों को भी इस बदलाव का लाभ मिलेगा।
अब तक 7:15 से 8:30 बजे के बीच होती थी सप्लाई
अब तक इन क्षेत्रों में जलापूर्ति सुबह 7:15 बजे से 8:30 बजे के बीच होती थी, लेकिन विभाग द्वारा पिछले तीन दिनों तक किए गए परीक्षण में दोपहर के समय बेहतर प्रेशर मिला। सकारात्मक परिणामों के बाद यह निर्णय जनहित में लिया गया है।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता (क्षेत्र द्वितीय) जयपुर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि नए समय से उपभोक्ताओं को बेहतर प्रेशर के साथ नियमित पानी मिल सकेगा। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे नए समय के अनुसार पानी संग्रहण की व्यवस्था करें और जल संरक्षण को प्राथमिकता दें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से लाभ मिल सके।
Ayush Pareek 
