राजस्थान हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी: 'डिस्कवरी' और 'प्रोडक्शन' अलग प्रक्रिया, आदेश उल्लंघन पर केस खारिज नहीं
राजस्थान हाईकोर्ट ने अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि सिविल मामलों में “डिस्कवरी” और “प्रोडक्शन” अलग-अलग कानूनी प्रक्रियाएं हैं। केवल दस्तावेज पेश न करने पर मुकदमा खारिज नहीं किया जा सकता।
राजस्थान हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में सिविल मामलों में दस्तावेजों की प्रक्रिया को लेकर अहम स्पष्टता दी है। कोर्ट ने कहा कि “डिस्कवरी ” और “प्रोडक्शन” दोनों अलग-अलग कानूनी प्रक्रियाएं हैं और इन्हें एक जैसा नहीं माना जा सकता। साथ ही कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल दस्तावेज प्रस्तुत करने के आदेश का पालन न करने पर सीधे मुकदमा खारिज नहीं किया जा सकता।
जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान अदालत ने सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) के ऑर्डर-11 के नियमों की व्याख्या करते हुए कहा कि नियम 11 में पूछताछ, नियम 12 में दस्तावेजों की खोज यानी, नियम 14 में दस्तावेजों का प्रोडक्शन, और नियम 15 में दस्तावेजों के निरीक्षण का प्रावधान है। ये सभी अलग-अलग चरण हैं और इनका उद्देश्य भी अलग होता है।
कोर्ट ने कहा कि “डिस्कवरी” का मतलब है कि किसी पक्ष को यह बताना होगा कि उसके पास कौन-कौन से दस्तावेज मौजूद हैं, जबकि “प्रोडक्शन” का अर्थ उन दस्तावेजों को अदालत के सामने प्रस्तुत करना है। इसलिए इन दोनों प्रक्रियाओं को मिलाकर नहीं देखा जा सकता।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने निचली अदालत के उस आदेश को भी निरस्त कर दिया, जिसमें दस्तावेजों से संबंधित आदेश का पालन न करने पर मुकदमा खारिज कर दिया गया था। अदालत ने कहा कि ऐसा कदम तभी उठाया जा सकता है जब जानबूझकर और गंभीर रूप से आदेश की अवहेलना की गई हो।
हाईकोर्ट की इस टिप्पणी को सिविल मामलों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे यह स्पष्ट हो गया है कि अदालतों को दस्तावेजों की प्रक्रिया को सही कानूनी ढांचे में समझते हुए निर्णय लेना चाहिए और केवल तकनीकी आधार पर मुकदमे खारिज नहीं किए जाने चाहिए।
Saloni Kushwaha 
