सिवाना में कुमटाल दुर्ग तलहटी में बनेगा पैनोरमा

कैबिनेट मंत्री लखावत ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को परियोजना को समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

सिवाना में कुमटाल दुर्ग तलहटी में बनेगा पैनोरमा

जयपुर : राजस्थान सरकार सिवाना के इतिहास और विरासत को संरक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री ओंकार सिंह लखावत ने सिवाना का दौरा कर प्रस्तावित पैनोरमा स्थल का निरीक्षण किया। दौरे के दौरान मंत्री लखावत ने कुमटाल दुर्ग की तलहटी में प्रस्तावित पैनोरमा निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और परियोजना को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। मंत्री ने प्रारंभिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा भी की।


पैनोरमा निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा :
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इसमें सिवाना के ऐतिहासिक महत्व, पर्यटन संभावनाओं और क्षेत्रीय विकास को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई। मंत्री लखावत ने कहा- पैनोरमा निर्माण से सिवाना के इतिहास को नई पहचान मिलेगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय रोजगार के मौके भी सृजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसका उद्देश्य सिवाना की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के इस प्रयास को जल्द साकार करना है।