बम और डॉग स्क्वाड की टीम एक बार फिर हुई एक्टिव; विधानसभा, जयपुर-स्टेशन और हाई कोर्ट को उड़ाने की मिली धमकी
जयपुर में विधानसभा, हाईकोर्ट और सेशन कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी। ईमेल के बाद हड़कंप, बम निरोधक दस्ते की जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
जयपुर : विधानसभा, हाईकोर्ट और जयपुर सेशन कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सूचना मिलने पर बम निरोधक और डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची और परिसरों को खाली कराया गया। हाईकोर्ट को इससे पहले भी 6, 17, 19, 20 फरवरी और 17 मार्च को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। विधानसभा को सुबह 11:10 बजे एक ईमेल आया, जिसमें अगले 3 घंटों में विधानसभा भवन को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह ईमेल विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुआ, जिसके बाद तत्काल विधानसभा कर्मियों को बाहर निकाल दिया गया। जयपुर सेशन कोर्ट को धमकी कोर्ट के ऑफिशियल ई-मेल पर धमकी भरा मेल आने के बाद मिली, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। टीमों ने अलग-अलग जगहों पर तलाशी ली, लेकिन किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
कोर्ट को एक धमकी भरा मेल मिला था :
सेशन कोर्ट को एक धमकी भरा मेल मिला था। मेल मिलने पर कोर्ट प्रशासन ने पुलिस कंट्रोल रूम और सीनियर अधिकारियों को जानकारी दी। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने परिसर का गहनता से सर्च किया, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। आज से ही कोर्ट में सुनवाई का समय सुबह 7.30 बजे से 1 बजे तक का हुआ था। सुबह-सुबह पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के कोर्ट में मुवमेंट से हड़कंप मच गया। अदालत परिसरों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि धमकी की पूरी जांच की जा रही है। लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की गई है। बता दें कि कोर्ट परिसर में लगातार फर्जी बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्त में नहीं ले पाई है।
Ayush Pareek 
