अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: जयपुर के जंतर-मंतर में होगा राज्य स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम

रैली का नेतृत्व एनआईए के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने किया। इसमें चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: जयपुर के जंतर-मंतर में होगा राज्य स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), जयपुर की ओर से शुक्रवार को ज़ुम्बा एवं योग रैली का आयोजन किया गया। संस्थान परिसर से बड़ी चौपड़ तक निकाली गई रैली के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। रैली का नेतृत्व एनआईए के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने किया। इसमें चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

देशभर में 30 से अधिक योग, स्वास्थ्य और जन-जागरूकता कार्यक्रम
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रो. संजीव शर्मा ने बताया कि आयुष मंत्रालय के 100-दिवसीय काउंटडाउन अभियान के तहत एनआईए जयपुर ने देशभर में 30 से अधिक योग, स्वास्थ्य और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं। भारतीय सेना, वायुसेना, नौसेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, राजस्थान पुलिस, रेलवे तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों में योग एवं तनाव प्रबंधन से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

नियमित निःशुल्क योग कक्षाएं संचालित
उन्होंने बताया कि संस्थान में आमजन के लिए नियमित निःशुल्क योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ी है और स्वास्थ्य लाभ भी मिल रहा है। स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. दुर्गावती देवी ने बताया कि 21 जून को जयपुर के ऐतिहासिक जंतर-मंतर में राज्य स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में चिकित्सक, विद्यार्थी, शोधार्थी और बड़ी संख्या में आमजन भाग लेंगे। इसके अलावा वायुसेना स्टेशन जयपुर में भी विशेष योग सत्र का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एनआईए में अध्ययनरत 18 देशों के 74 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की भागीदारी होगी। विभिन्न देशों से आए विद्यार्थी जंतर-मंतर से योग और आयुर्वेद का वैश्विक संदेश देंगे तथा "वसुधैव कुटुम्बकम्" की भावना को साकार करेंगे।

देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।