भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों पर बर्बरता, बकाया वेतन मांगने पर मैनेजर ने लाठियों से पीटा

राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से मजदूरों पर बर्बरता की गंभीर घटना सामने आई है। यहां दो महीने से बकाया वेतन की मांग कर रहे मजदूरों पर कंपनी के मैनेजर ने दिनदहाड़े लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मैनेजर मजदूरों को बेरहमी से पीटता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।

भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों पर बर्बरता, बकाया वेतन मांगने पर मैनेजर ने लाठियों से पीटा

भिवाड़ी। राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से मजदूरों पर बर्बरता की गंभीर घटना सामने आई है। यहां दो महीने से बकाया वेतन की मांग कर रहे मजदूरों पर कंपनी के मैनेजर ने दिनदहाड़े लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मैनेजर मजदूरों को बेरहमी से पीटता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में मजदूर कंपनी गेट पर इकट्ठा हो गए और उग्र प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

बकाया वेतन के लिए जुटे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला भिवाड़ी औद्योगिक इलाके में स्थित सैफ डेकोर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का है। यहां काम करने वाले श्रमिक पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिलने से परेशान थे। मजदूरों का कहना है कि वे शांतिपूर्वक अपने बकाया वेतन की मांग कर रहे थे, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग का रास्ता अपनाया।

मैनेजर की गुंडागर्दी, आधा दर्जन कर्मचारियों ने किया हमला

आरोप है कि कंपनी के प्रबंध मैनेजर सुनील चौधरी के इशारे पर करीब आधा दर्जन कर्मचारियों ने मजदूरों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मैनेजर स्वयं लाठी से मजदूरों को पीट रहा है।

कार से कुचलने की कोशिश का भी आरोप

मामला यहीं नहीं रुका। मजदूरों ने मैनेजर पर कार से कुचलने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। इन आरोपों के सामने आने के बाद मजदूरों का आक्रोश और बढ़ गया और कंपनी गेट पर सैकड़ों की संख्या में मजदूर जमा होकर उग्र नारेबाजी करने लगे।

पुलिस ने संभाली स्थिति, मैनेजर हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने कंपनी के मैनेजर को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। मजदूरों की ओर से मारपीट और बकाया वेतन को लेकर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।

फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मजदूरों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तुरंत बकाया वेतन भुगतान की मांग की है।