अब चाहें जितने कमर्शियल गैस सिलेंडर ले सकेंगे लोग, केंद्र सरकार ने हटाई पाबंदी
केंद्र सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पर लगी पाबंदी हटा दी है। अब होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और शादी समारोहों के लिए जरूरत के मुताबिक गैस सिलेंडर मिल सकेंगे।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पर लगी पाबंदी हटा दी है। इस फैसले के बाद होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग व्यवसाय, ढाबों और शादी समारोहों के आयोजकों को जरूरत के अनुसार कॉमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सकेंगे। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। सरकार के इस फैसले से लंबे समय से चली आ रही सिलेंडर की कमी और अतिरिक्त अनुमति प्रक्रियाओं से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के नए एलपीजी कनेक्शन पर लगी रोक फिलहाल जारी रहेगी।

शादी समारोहों को मिलेगा बड़ा फायदा
इस निर्णय का सबसे अधिक लाभ शादी समारोहों और बड़े आयोजनों को मिलेगा। राजस्थान सहित कई राज्यों में शादी समारोह के लिए अतिरिक्त कमर्शियल गैस सिलेंडर लेने हेतु जिला रसद अधिकारी से अनुमति लेनी पड़ती थी। साथ ही सीमित संख्या में ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते थे। अब यह प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी और उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार सीधे कॉमर्शियल सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। इससे शादी-विवाह, सामूहिक भोज और बड़े आयोजनों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
इंडस्ट्रियल LPG सप्लाई में भी राहत
मंत्रालय ने बल्क इंडस्ट्रियल एलपीजी सप्लाई में भी आंशिक राहत देते हुए पहले के उपयोग के आधार पर 50 फीसदी तक अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध कराने की अनुमति दी है। इसके अलावा HPCL, BPCL और IOCL को सभी कमर्शियल और इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं का क्षेत्रवार डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार बढ़ रही है कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत
हालांकि सप्लाई संबंधी राहत के बीच कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें चिंता का विषय बनी हुई हैं। राजस्थान में 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर फिलहाल 3,141 रुपये में मिल रहा है। वर्ष की शुरुआत में इसकी कीमत 1,608 रुपये थी। यानी कुछ ही महीनों में इसकी कीमत लगभग दोगुनी हो चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि सप्लाई पर लगी रोक हटने से उपलब्धता बढ़ेगी, लेकिन बढ़ती कीमतों का असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय पर जारी रह सकता है।
देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।

