चौमहला में फर्जी अस्पताल का भंडाफोड़, मध्य प्रदेश के डॉक्टर के नाम पर चल रहा था हॉस्पिटल
Jhalawar News: झालावाड़ के चौमहला में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी अस्पताल को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि मध्य प्रदेश के एक डॉक्टर के नाम का गलत इस्तेमाल कर अस्पताल संचालित किया जा रहा था।
राजस्थान के झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फर्जी अस्पताल को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि यहां मध्य प्रदेश के एक डॉक्टर के नाम का दुरुपयोग कर अस्पताल संचालित किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और गंभीर अनियमितताएं मिलने पर अस्पताल को बंद करा दिया।
डॉक्टर की शिकायत के बाद खुला मामला
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार वाघेला के अनुसार, सीएमएचओ डॉ. साजिद खान को मध्य प्रदेश के डॉ. एस.आर. चौहान की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया कि उनके नाम का इस्तेमाल कर चौमहला में “मां पीतांबरा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल” चलाया जा रहा है, जबकि उनका इस अस्पताल से कोई संबंध नहीं है।
टीम पहुंचते ही स्टाफ मौके से हुआ फरार
शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही अस्पताल का प्रबंधन करने वाले लोग वहां से फरार हो गए। मौके पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ भी अस्पताल छोड़कर भाग निकला। इसके बाद टीम ने अस्पताल की जांच शुरू की।
जांच में सामने आई कई बड़ी अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान अस्पताल से जुड़े जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा वहां लैब की उचित व्यवस्था, जरूरी मेडिकल सुविधाएं और प्रशिक्षित डॉक्टर भी मौजूद नहीं पाए गए। जानकारी के मुताबिक अस्पताल का संचालन डॉ. कुलदीप और डॉ. मुल्तानी द्वारा किया जा रहा था, जो कार्रवाई के समय मौके पर नहीं मिले।
अस्पताल को किया गया सील
गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान गंगधार तहसीलदार और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट सीएमएचओ को सौंपी जाएगी, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति या नियमों के खिलाफ चल रहे चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Saloni Kushwaha 
