Public Examination Amendment Bill: लोकसभा में पेपर लीक संशोधन बिल पेश, विपक्ष का हंगामा; धर्मेंद्र प्रधान का NDA सांसदों ने किया स्वागत
केंद्र सरकार ने लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 पेश किया। विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित हुई।
Public Examination Amendment Bill 2026: कथित पेपर लीक मामलों पर सख्ती के लिए केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा में 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' पेश किया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सदन में बिल प्रस्तुत किया, जिसे ध्वनिमत के जरिए पेश करने की प्रक्रिया पूरी की गई। सरकार की ओर से इस विधेयक पर चर्चा के लिए एनडीए के नौ सांसदों के भाग लेने की तैयारी है।
बिल पेश होने के दौरान विपक्ष ने सदन में जोरदार हंगामा किया और "मोदी-शाह छात्रों से माफी मांगें" के नारे लगाए। लगातार शोर-शराबे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होने के महज पांच मिनट के भीतर ही लोकसभा और राज्यसभा दोनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी थी।

इधर, NEET पेपर लीक विवाद के बाद 25 जुलाई को इस्तीफा देने वाले पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सोमवार को पहली बार संसद पहुंचे। संसद भवन परिसर में एनडीए सांसदों ने उन्हें शॉल और मिथिला पाग पहनाकर सम्मानित किया और उनके साथ संसद भवन तक पहुंचे।
वहीं, संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले सुबह करीब 10:30 बजे कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष ने केंद्र सरकार से NEET पेपर लीक मामले, छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए सरकार को घेरा।
सरकार का कहना है कि संशोधन विधेयक का उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनुचित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। अब इस विधेयक पर संसद में विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

