राजस्थान कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने लॉन में लगाया 'मंत्री दरबार', मौके पर ही दूर की फरियादियों की समस्या
राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने मंगलवार को अनोखी पहल करते हुए अपने कार्यालय के बाहर लॉन में खुला 'मंत्री दरबार' लगाया।
जयपुर। राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने मंगलवार को अनोखी पहल करते हुए अपने कार्यालय के बाहर लॉन में खुला 'मंत्री दरबार' लगाया। कार्यकर्ताओं की सुनवाई के बाद उन्होंने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए सैकड़ों फरियादियों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में तुरंत समाधान के निर्देश दिए। एक मामले में तो उन्होंने परिवहन मंत्री को फोन कर मौके पर ही समस्या का निराकरण करवाया।
जनसुनवाई के दौरान मीडिया से बातचीत में डॉ. मीणा ने खाद और बीज की किल्लत के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में यूरिया व अन्य खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने बताया, “जितनी मांग हमने केंद्र से की थी, उतनी खाद मिल रही है। मुख्यमंत्री और मैं लगातार केंद्र से संपर्क में हैं।”
यूरिया के लिए लंबी कतारों के सवाल पर कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि डीलर यूरिया आने से पहले ही किसानों को टोकन बांट देते हैं, जिससे सभी किसान एक साथ पहुंच जाते हैं और लाइन लग जाती है। उन्होंने नकली खाद पर बड़ी कार्रवाई का खुलासा करते हुए कहा, “राज्य में पहले लाखों मीट्रिक टन नकली खाद बनती थी, अब उस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसी कारण असली खाद की मांग बढ़ी है और कभी-कभी ऐसा लगता है कि कमी है।”
डॉ. मीणा की इस अनूठे जनसुनवाई कार्यक्रम को आगे भी जारी रखने की बात कही।

