युद्ध विराम की खबर से तेल सस्ता, निवेशकों की चांदी! ईरान-अमेरिका डील से शेयर बाजार में तूफानी तेजी

ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के बीच डील होने के बाद इसका असर मार्केट पर हुआ है।

युद्ध विराम की खबर से तेल सस्ता, निवेशकों की चांदी! ईरान-अमेरिका डील से शेयर बाजार में तूफानी तेजी

शेयर बाजार में सोमवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव कम होने तथा शांति समझौते की खबरों ने वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ा दिया। इसका सीधा असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया, जहां कारोबार की शुरुआत से ही खरीदारी का माहौल बन गया।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 1200 अंक की मजबूती के साथ 76,700 के स्तर के ऊपर पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 360 अंकों से ज्यादा की छलांग लगाकर 23,980 के आसपास कारोबार करता नजर आया।

दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की खबर सामने आई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दावा किया है कि दोनों देश सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हो गए हैं और जल्द ही इस समझौते पर आधिकारिक मुहर लग सकती है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी संकेत दिए हैं कि क्षेत्र में हालात सामान्य होने की ओर बढ़ रहे हैं।

वैश्विक बाजारों में भी इस सकारात्मक माहौल का असर साफ दिखाई दिया। दक्षिण कोरिया, जापान और हांगकांग के प्रमुख शेयर सूचकांकों में मजबूत बढ़त दर्ज की गई। निवेशकों को उम्मीद है कि मध्य पूर्व में तनाव कम होने से वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव घटेगा।

अमेरिकी बाजारों में भी उत्साह का माहौल रहा। डॉव जोन्स, एसएंडपी 500 और नैस्डैक फ्यूचर्स सभी हरे निशान में कारोबार करते दिखाई दिए, जिससे वैश्विक निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी है।

इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड और WTI दोनों में 3 से 4 फीसदी तक की कमजोरी देखने को मिली। तेल की कीमतों में नरमी भारत जैसे आयातक देशों के लिए राहत की खबर मानी जा रही है, क्योंकि इससे महंगाई और आयात बिल पर दबाव कम हो सकता है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की प्रक्रिया सफल रहती है और होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही सामान्य होती है, तो आने वाले दिनों में वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल और मजबूत हो सकता है।



देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।