गंदा पानी’ विवाद के बाद एक्शन में विधायक, 24 घंटे में शुरू हुआ मरम्मत कार्य
Jaipur के सिविल लाइन्स में विधायक Gopal Sharma का पानी सूंघकर लौटाने वाला वीडियो वायरल। सुशीलपुरा में 24 घंटे में पाइपलाइन सुधार कार्य शुरू।
Jaipur के सिविल लाइन्स इलाके में बीजेपी विधायक Gopal Sharma का ‘पानी सूंघकर लौटाने’ वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और महज 24 घंटे के भीतर सुशीलपुरा क्षेत्र में पाइपलाइन सुधार का काम शुरू कर दिया गया।
गिलास में दिया गया बदबूदार पानी, विधायक ने सूंघकर लौटाया
मामले की शुरुआत तब हुई जब सुशीलपुरा इलाके में नलों से सीवर जैसा बदबूदार पानी आने की शिकायत सामने आई।
स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए विधायक को गिलास में गंदा पानी दिया और पीने को कहा, लेकिन उन्होंने उसे सूंघकर वापस कर दिया। इस दौरान कुछ बच्चे दूषित पानी पीने से बीमार भी पड़ गए, जिसके बाद मेडिकल टीम को मौके पर भेजा गया।
24 घंटे में शुरू हुआ सुधार कार्य
विवाद बढ़ने के बाद विधायक ने अधिकारियों से बात कर समाधान का भरोसा दिया था। अगले ही दिन सीवर जेटिंग मशीन के जरिए लीकेज ढूंढकर मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया।
‘1 फीट में डाली गई लाइन, भ्रष्टाचार का नतीजा’
निरीक्षण के दौरान विधायक ने आरोप लगाया कि पानी की राइजिंग लाइन नियम अनुसार 5 फीट गहराई में डाली जानी चाहिए थी, लेकिन इसे सिर्फ 1 फीट में ही बिछाया गया।
उनके मुताबिक, सड़क निर्माण के दौरान लाइन क्षतिग्रस्त हुई और उसमें सीवर का पानी मिल गया, जिससे यह स्थिति बनी।
‘ये लोग मेरे हैं, मैं इनका हूं’
स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए विधायक ने कहा, “ये लोग मेरे हैं और मैं इनका हूं।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या का समाधान उनकी जिम्मेदारी है, भले ही इसमें थोड़ा समय लगे।
मामला बना राजनीतिक मुद्दा
इस घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया जब पूर्व मंत्री Pratap Singh Khachariyawas मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क की खुदाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़क नई बनी थी तो दोबारा तोड़ने की जरूरत क्यों पड़ी।
Saloni Kushwaha 
