स्कूल में बच्चों से मिड-डे मील के बर्तन उठवाए, वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप
Nagaur के सरकारी स्कूल में बच्चों से मिड-डे मील के जूठे बर्तन उठवाने का वीडियो वायरल। लापरवाही पर जांच शुरू, कार्रवाई की तैयारी।
राजस्थान के Nagaur district से शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल में छोटे-छोटे बच्चों से मिड-डे मील के जूठे बर्तन उठवाने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
स्कूल में दिखी गंभीर लापरवाही
यह मामला रियांबड़ी उपखंड के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, दासावास का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि जहां बच्चों को भोजन के बाद आराम करना चाहिए, वहीं उनसे भारी स्टील के बर्तन उठवाए जा रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि उसी दौरान स्कूल के चार शिक्षक कमरे में सोते हुए नजर आए, जबकि अन्य शिक्षक मौजूद होने के बावजूद बच्चों से काम कराया जा रहा था।
हेडमास्टर की भूमिका पर सवाल
सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि स्कूल के हेडमास्टर सोहनलाल फड़ौदा मौके पर मौजूद थे और कुर्सी पर बैठे यह सब देखते रहे, लेकिन उन्होंने बच्चों को रोकने या स्टाफ को टोकने की कोई कोशिश नहीं की। बच्चों के मुताबिक उनसे यह काम रोज करवाया जाता है, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।
प्रशासन हरकत में, जांच शुरू
मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच कमेटी गठित कर दी है। एसडीएम सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं सीडीओ रामलाल कराड़ी ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों के अधिकारों पर सवाल
इस घटना ने मिड-डे मील योजना के क्रियान्वयन और स्कूलों में बच्चों के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Saloni Kushwaha 
