हरियाणा के कापड़ीवास में निर्माणाधीन सोसाइटी में मिट्टी धंसी, 7 मजदूरों की मौत
Kapriwas में Global Signature Society के निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हुआ। मलबे में दबने से 7 मजदूरों की मौत हो गई और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
हरियाणा के कापड़ीवास इलाके में सोमवार देर रात एक निर्माणाधीन सोसाइटी में बड़ा हादसा हो गया। ‘ग्लोबल सिग्नेचर’ सोसाइटी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण कार्य के दौरान बेसमेंट की मिट्टी की दीवार अचानक धंस गई। हादसे के समय वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए।
मलबे में दबे मजदूर, राहत-बचाव अभियान चला
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार हादसे के समय करीब 10 मजदूर बेसमेंट में काम कर रहे थे, जो मिट्टी धंसने के कारण मलबे में दब गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
7 मजदूरों की मौत
रेस्क्यू टीमों ने मलबे से 7 मजदूरों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत भिवाड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में इंद्रजी सादा, भागीरथ गोपी, छोटेलाल सादा, शिव शंकर, शिवकांत चौधरी और मंगतराम शामिल हैं।
जांच शुरू, अन्य मजदूरों की तलाश जारी
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवाया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं एहतियात के तौर पर मलबे में अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन भी जारी रखा गया है।

