राजस्थान वासियों के लिए गुड न्यूज, यमुना पाइप लाइन प्रोजेक्ट पर हरियाणा के साथ सहमति

शेखावाटी की जनता के लिए राहत की खबर आई है. राजस्थान और हरियाणा के बीच यमुना पाइप लाइन प्रोजेक्ट पर सहमति बन गई है।

राजस्थान वासियों के लिए गुड न्यूज, यमुना पाइप लाइन प्रोजेक्ट पर हरियाणा के साथ सहमति

शेखावाटी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। राजस्थान और हरियाणा के बीच बुधवार को यमुना पाइप लाइन प्रोजेक्ट पर सहमति बन गई है। ऐसे में शेखावाटी अंचल के सीकर, झुंझुनू और चूरू जिले तक यमुना का पानी लाने की कवायद तेज हो गई है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की। इस दौरान कई मुद्दों पर सह​मति बनी।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के आवास पर सुबह करीब 11 बजे बैठक हुई। जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे। बैठक में जल आपूर्ति और परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। यमुना जल प्रोजेक्ट के पूरा होने से शेखावाटी क्षेत्र में पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


केंद्रीय मंत्री बोले- कई मुद्दों पर हुई चर्चा
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने फोटो शेयर करते हुए लिखा कि आज नई दिल्ली स्थित निवास पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जल संसाधन प्रबंधन, जल संरक्षण, सिंचाई एवं जल शक्ति मंत्रालय से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।


यमुना जल प्रोजेक्ट से 3 जिलों को फायदा
यमुना जल प्रोजेक्ट से राजस्थान के सीकर, झुंझुनू और चूरू को फायदा होगा, जहां अभी पानी की समस्या है। राजस्थान सरकार ने 300 किलोमीटर लंबाई में पाइपलाइन बिछाने के लिए अलाइनमेंट सर्वे किया गया था। इसमें 290 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में और 10 किलोमीटर हिस्सा राजस्थान में होगा। इसकी डीपीआर केंद्रीय जल आयोग को पहले भी भेजी जा चुकी है।