जाट आरक्षण की लड़ाई संसद में लड़ेंगे हनुमान बेनीवाल
भरतपुर-धौलपुर के जाटों ने हनुमान बेनीवाल को सौंपी आरक्षण की कमान, संजना जाटव पर भी जताया भरोसा, संसद में उठेगा आरक्षण का मुद्दा
जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर भरतपुर में आयोजित महापंचायत में जाट समाज ने आरक्षण की लड़ाई को नया राजनीतिक मोड़ देते हुए सांसद हनुमान बेनीवाल को इसकी कमान सौंप दी। भरतपुर, डीग और धौलपुर के जाट समाज की ओर से बेनीवाल को ज्ञापन सौंपकर मांग की गई कि वे इस मुद्दे को संसद और केंद्र सरकार के सामने मजबूती से उठाएं। जाट आरक्षण संघर्ष समिति के नेता नेम सिंह फौजदार ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पहले ही सकारात्मक रुख अपनाया जा चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे और वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा केंद्र सरकार को समर्थन पत्र भेज चुके हैं। अब जरूरत दिल्ली में एक मजबूत पैरोकार की है, इसलिए समाज ने यह जिम्मेदारी हनुमान बेनीवाल को सौंपी है। फौजदार ने भरतपुर सांसद संजना जाटव पर भी भरोसा जताते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी संसद में जाट आरक्षण का मुद्दा उठाया है और आगे भी समाज के साथ खड़ी रहेंगी। ज्ञापन स्वीकार करते हुए हनुमान बेनीवाल ने कहा कि जाट समाज के अधिकारों की लड़ाई के लिए वे किसी भी स्तर तक जाने को तैयार हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर जाट आरक्षण का मुद्दा उठाएंगे। बेनीवाल ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे संसद में धरना देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

