Rajasthan Politics: राजस्थान में अगले 7 दिन सियासी हलचल से रहेंगे गर्म, 9 अगस्त को जेपी नड्डा तो 16 अगस्त को अमित शाह का दौरा...जानें क्यों है खास यह दौरा

राजस्थान में अगस्त का दूसरा सप्ताह सियासी हलचल से भरा रहेगा। 9 अगस्त को जेपी नड्डा जयपुर आएंगे, जबकि 16 अगस्त को अमित शाह चित्तौड़गढ़ और अलवर का दौरा करेंगे।

Rajasthan Politics: राजस्थान में अगले 7 दिन सियासी हलचल से रहेंगे गर्म, 9 अगस्त को जेपी नड्डा तो 16 अगस्त को अमित शाह का दौरा...जानें क्यों है खास यह दौरा
Amit shah and jp nadda

Rajasthan News: राजस्थान में अगस्त का दूसरा सप्ताह राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है। अगले सात दिनों के भीतर केंद्रीय स्तर के दो बड़े नेताओं का राजस्थान दौरा प्रस्तावित है। पहले 9 अगस्त को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा जयपुर पहुंचेंगे, जबकि इसके ठीक एक सप्ताह बाद 16 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। दोनों नेताओं के कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

9 अगस्त को जयपुर आएंगे जेपी नड्डा

स्वतंत्रता दिवस और 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा 9 अगस्त को जयपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे का मुख्य कार्यक्रम सुबह करीब 9 बजे ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल से शुरू होने वाली तिरंगा यात्रा है।

यह यात्रा अल्बर्ट हॉल से रवाना होकर जयपुर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से गुजरते हुए बड़ी चौपड़ तक पहुंचेगी। कार्यक्रम में आम लोगों के साथ युवा, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा के जरिए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने की तैयारी है।

16 अगस्त को राजस्थान आएंगे अमित शाह

जेपी नड्डा के दौरे के एक सप्ताह बाद 16 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजस्थान पहुंचेंगे। उनके एक दिवसीय दौरे में चित्तौड़गढ़ और अलवर को प्रमुख रूप से शामिल किया गया है।

दौरे की शुरुआत चित्तौड़गढ़ से होने की जानकारी सामने आई है। यहां अमित शाह एक बड़ी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद वे अलवर जाएंगे, जहां कई विकास योजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

अलवर को मिल सकती है 750 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

अमित शाह के अलवर दौरे के दौरान करीब 750 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम होने की संभावना है। इनमें सरस डेयरी और मेडिकल कॉलेज से संबंधित कार्यक्रम भी शामिल बताए जा रहे हैं।

हालांकि, गृह मंत्री के राजस्थान दौरे का विस्तृत मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम अभी आधिकारिक रूप से सामने आना बाकी है। अंतिम कार्यक्रम जारी होने के बाद ही उनके दौरे की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

अमित शाह की सभा को लेकर तैयारियां तेज

अलवर में अमित शाह की प्रस्तावित जनसभा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभा स्थल को लेकर भी बदलाव किया गया है।

पहले कार्यक्रम के लिए सरस डेयरी परिसर पर विचार किया जा रहा था, लेकिन संभावित भीड़ को देखते हुए अब विजयनगर मैदान को सभा के लिए चुने जाने की जानकारी है।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर प्रशासन की नजर

वीआईपी दौरों को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अलवर की जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला और एसपी सुधीर चौधरी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक रूट को लेकर चर्चा की।

दोनों केंद्रीय नेताओं के लगातार दौरों के चलते जयपुर, चित्तौड़गढ़ और अलवर में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थलों, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

राजस्थान में बढ़ेगी राजनीतिक हलचल

अगले एक सप्ताह में जेपी नड्डा और अमित शाह के राजस्थान दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जयपुर में तिरंगा यात्रा के जरिए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा, वहीं दूसरी ओर अमित शाह के चित्तौड़गढ़ और अलवर कार्यक्रमों में जनसभा और विकास योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम होंगे।

ऐसे में इन दोनों हाई-प्रोफाइल दौरों के चलते राजस्थान में अगले कुछ दिन राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं