Commonwealth Games 2026 Day 4: ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर, भारत के खाते में आया पांचवां पदक
Commonwealth Games 2026: भारत की वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता। मुरली श्रीशंकर, तेजस सिर्से और साजन प्रकाश ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
Commonwealth Games 2026 : ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के चौथे दिन भारत के लिए अच्छी खबर आई है। वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं की 53 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्लासगो में भारत का तीसरा और कुल मिलाकर पांचवां पदक दिलाया।
ज्ञानेश्वरी यादव ने स्नैच में तीसरे प्रयास में 88 किलोग्राम वजन उठाया, जबकि क्लीन एंड जर्क में अपने अंतिम प्रयास में 111 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। हालांकि, उन्हें नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडिह से कड़ी चुनौती मिली। डिडिह ने स्नैच में 93 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 113 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इससे पहले दिन की शुरुआत भारत के लिए मिश्रित रही। भारत के सबसे तेज धावक गुरिंदरवीर सिंह पुरुषों की 100 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सके और प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
वहीं, 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स के रजत पदक विजेता मुरली श्रीशंकर ने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा के फाइनल के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया। इसके अलावा तेजस सिर्से ने 110 मीटर हर्डल्स के फाइनल में जगह बनाई, जबकि तैराक साजन प्रकाश ने 1 मिनट 59.58 सेकेंड का समय निकालते हुए पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
अब दिन के आगे के मुकाबलों में भारत की नजर वेटलिफ्टिंग, एथलेटिक्स और स्विमिंग की विभिन्न पदक स्पर्धाओं पर रहेगी, जहां भारतीय खिलाड़ी देश के पदकों की संख्या बढ़ाने के इरादे से मैदान में उतरेंगे

