NEET Paper Leak: CJP का 24 जुलाई को देशव्यापी शांतिपूर्ण आंदोलन का ऐलान, सरकार से कहा- तटस्थ जगह पर हो बातचीत
CJP Protest: नीट पेपर लीक आंदोलन के बीच CJP ने देशव्यापी शांतिपूर्ण आंदोलन का ऐलान किया। संगठन ने कहा कि सरकार से बातचीत नड्डा के घर नहीं, बल्कि किसी न्यूट्रल स्थान या जंतर-मंतर पर ही होगी।
नीट पेपर लीक को लेकर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अब देशव्यापी शांतिपूर्ण आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन ने छात्रों, युवाओं और समर्थकों से देशभर में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की है। CJP का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस बीच सरकार की ओर से बातचीत के प्रस्ताव पर CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संगठन बातचीत से पीछे नहीं हट रहा, लेकिन बैठक किसी मंत्री के आवास पर नहीं होगी।
उन्होंने कहा, "अगर सरकार जंतर-मंतर आने से डर रही है, तो कोई बीच की जगह तय कर दे, जो न जंतर-मंतर हो और न आपका घर। नड्डा जी के घर पर कोई मीटिंग नहीं होगी। बैठक या तो जंतर-मंतर पर होगी या किसी तटस्थ स्थान पर होगी।"
आशुतोष रांका ने आगे कहा कि CJP केवल औपचारिक बातचीत नहीं चाहता, बल्कि किसी भी बैठक से ठोस परिणाम निकलने चाहिए। उन्होंने कहा, "हमने सरकार से साफ कहा है कि अगर बातचीत होगी तो उसका कोई ठोस नतीजा भी होना चाहिए। हम लोग बहुत व्यस्त हैं, सिर्फ औपचारिकता या हवा-हवाई बातचीत के लिए नहीं बैठेंगे।"
गौरतलब है कि केंद्र सरकार लगातार कह रही है कि वह CJP के साथ किसी भी समय बातचीत के लिए तैयार है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने दावा किया था कि पिछले 24 घंटों में सरकार की ओर से कई बार बातचीत का प्रस्ताव भेजा गया है। हालांकि, CJP ने मंत्री आवास पर बैठक से इनकार करते हुए तटस्थ स्थान पर संवाद की मांग दोहराई है।
सरकार और CJP के बीच बातचीत के स्थान और स्वरूप को लेकर फिलहाल सहमति नहीं बन सकी है। ऐसे में एक ओर सरकार संवाद की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर CJP ने आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर विस्तार देने की घोषणा कर दी है।

