जैसलमेर को आज मिलेगी बड़ी सौगात, 140 करोड़ की लागत से बने हेरिटेज रेलवे स्टेशन का पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। जानें नई सुविधाएं, कार्यक्रम और स्टेशन की खासियत।
पर्यटन नगरी जैसलमेर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जैसलमेर में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे।
यह स्टेशन केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जैसलमेर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप नया स्वरूप दिया गया है। स्टेशन भवन में राजस्थानी स्थापत्य शैली, स्थानीय कला और आधुनिक तकनीक का समावेश किया गया है, जिससे यह शहर की पहचान को और मजबूती देगा।
लोकार्पण समारोह आज दोपहर 2 बजे से रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इसी क्रम में जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज जोधपुर से सड़क मार्ग द्वारा जैसलमेर पहुंचेंगे। कार्यक्रम से पहले वे सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे लोकार्पण समारोह में भाग लेंगे और कार्यक्रम समाप्त होने पर बीकानेर के लिए रवाना होंगे।
पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन पर एस्केलेटर, लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, वीआईपी लाउंज, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली और हाई-स्पीड वाई-फाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही पूरे परिसर को हेरिटेज थीम पर विकसित किया गया है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को स्टेशन पर ही जैसलमेर की सांस्कृतिक पहचान की झलक मिल सके।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन के पुनर्विकास से पर्यटन को नई गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और यात्री सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। यह परियोजना जैसलमेर को देश के प्रमुख पर्यटन और रेलवे मानचित्र पर और अधिक मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

