राजस्थान Weather Update: आज 19 जिलों में बारिश के आसार, 21 जुलाई से फिर एक्टिव होगा मानसून

राजस्थान में 17 जुलाई को मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 19 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानिए किन जिलों में बारिश होगी, मानसून की ताजा स्थिति और 21 जुलाई से मौसम का नया अपडेट।

राजस्थान Weather Update: आज 19 जिलों में बारिश के आसार, 21 जुलाई से फिर एक्टिव होगा मानसून
Rajasthan Weather update

राजस्थान में शुक्रवार (17 जुलाई) को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और मौसम सुहाना रहने का अनुमान है। हालांकि प्रदेश में मानसून फिलहाल कमजोर बना हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में इसकी गतिविधियां फिर तेज होने की उम्मीद है। कोटपुतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बारां और झालावाड़ में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

प्रदेश में इस बार मानसून अब तक उम्मीद के मुताबिक सक्रिय नहीं रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में अब तक सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। बारिश की कमी के चलते कई जिलों में तापमान फिर से बढ़ने लगा है। गुरुवार को चूरू राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीकानेर में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। हालांकि श्रीगंगानगर में 17 मिमी बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर हिमालय क्षेत्र में खिसक गई है। इसके अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र (Well Marked Low Pressure Area) का असर भी राजस्थान पर सीमित रहा है। इसी वजह से राज्य में मानसूनी गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं।

हालांकि राहत की बात यह है कि 21 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पहले चरण में पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश का दौर शुरू होगा। इसके बाद 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

20 जुलाई को भी मौसम विभाग ने 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यदि मौजूदा सिस्टम सक्रिय रहा तो अगले सप्ताह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।