कुकर्मों की वजह से 34 दिन होटल में रहना पड़ा
पूर्व मुख्यमंत्री Ashok Gehlot ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार गिराने की कोशिशों के कारण उन्हें 34 दिन होटल में रहना पड़ा। उन्होंने Narendra Modi और Amit Shah पर भी निशाना साधा और लोकतंत्र पर सवाल उठाए।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार को गिराने की कोशिशों के कारण उन्हें और उनके विधायकों को 34 दिन तक होटल में रहना पड़ा। गहलोत ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने हॉर्स ट्रेडिंग के जरिए कई राज्यों में सरकारें गिराईं और राजस्थान में भी ऐसी कोशिशों में कोई कमी नहीं छोड़ी।जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनका मकसद उनके और सचिन पायलट के बीच विवाद खड़ा करना है।उन्होंने कहा, “वे चाहते हैं कि मैं पायलट का नाम लेकर पुरानी बातों को उछालूं, लेकिन हम एकजुट हैं। मैं इसके लिए बीजेपी को जिम्मेदार मानता हूं।गहलोत ने कहा कि बीजेपी नेताओं की गतिविधियों को जनता देख रही है। उन्होंने कहा, “हम 34 दिन होटल में रहे, ये इनके कुकर्मों का नतीजा था। चुनाव जीतना अलग बात है, लेकिन जो राजनीतिक माहौल बनाया जा रहा है, उसे लोग समझ रहे हैं।”उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान झूठे वादे किए गए।गहलोत ने कहा कि देश में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है और एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में जो घटनाएं हो रही हैं, वे चिंता का विषय हैं।गहलोत ने आरोप लगाया कि बीजेपी राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि पहले राघव चड्ढा को भी निशाना बनाया गया और कई सांसदों के नाम विभिन्न मामलों में जोड़े गए।
Saloni Kushwaha 
